विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहारशरीफ जंक्शन के पास युवक को मारी गोली, लूटपाट के विरोध पर वारदात की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

Published: Tue, 20 Oct 2026 12:36 PM (IST)

बिहारशरीफ जंक्शन के पास एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। पीड़ित ने लूटपाट का विरोध ...और पढ़ें

युवक को मारी गोली

युवक को मारी गोली

HighLights

  1. बिहारशरीफ जंक्शन के पास युवक को गोली मारकर घायल किया गया।

  2. पीड़ित ने लूटपाट का विरोध करने पर गोली लगने का आरोप लगाया।

  3. पुलिस आपसी रंजिश और आपराधिक इतिहास के एंगल से जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता,बिहारशरीफ। नालंदा के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारशरीफ जंक्शन के समीप सोमवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गोलीबारी की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। 

घायल की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के आशानगर निवासी संत नाम रविदास के 30 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय राहगीर और पुलिस की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचाराधीन जितेन्द्र ने बताया कि वह आशानगर से अकेले मेला देखने जा रहा था। इसी दौरान बिहारशरीफ रेलवे गुमटी के समीप तीन अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसके पास मौजूद रुपये और गले से लॉकेट छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

घायल की गुहार सुन राहगीर ने की मदद

घटना के समय वहां से गुजर रहे सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर निवासी कुंदन कुमार ने बताया कि रेलवे फाटक के किनारे घायल युवक खून से लथपथ पड़ा था और बचाने की गुहार लगा रहा था। 

मोबाइल की रोशनी में युवक को देखने के बाद कुंदन ने उसे सड़क तक पहुंचाया और गश्ती पुलिस टीम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

एक हत्याकांड में जेल जा चुका है घायल

बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उनके अनुसार, घायल का आपराधिक इतिहास रहा है। वह एक हत्याकांड के मामले में वर्ष 2019 से जेल में बंद था और करीब एक साल पहले जमानत पर बाहर आया था। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि घायल पिछले तीन महीने से अपने घर नहीं गया था।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। लूटपाट के आरोप के साथ आपसी रंजिश समेत अन्य सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों अथवा पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बिहारशरीफ के पॉश इलाके में युवक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप