विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन से निकलती आग की लपटों से बिहारशरीफ में मचा हड़कंप, बुझाने के बाद फिर भड़की आग; गैस रिसाव की आशंका

Published: Mon, 21 Sep 2026 11:50 AM (IST)

बिहारशरीफ के मेहरपर इलाके में जमीन से लगातार आग की लपटें निकलने से हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की जांच ...और पढ़ें

HighLights

  1. बिहारशरीफ के मेहरपर में जमीन से आग की लपटें निकलीं।

  2. गेल इंडिया की गैस पाइपलाइन से रिसाव की आशंका।

  3. आग बुझाने के बाद भी दोबारा भड़कने से चिंता बढ़ी।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। शहर के मेहरपर इलाके में सोमवार को जमीन से लगातार आग की लपटें निकलने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जमीन से आग की लपटें निकलती देख स्थानीय लोगों ने किसी बड़ी घटना की आशंका जताते हुए इसकी सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद फायर ब्र‍िगेड की टीम पहुंची। जांच-पड़ताल की जा रही है। 

गेल की पाइपलाइन से रिसाव की आशंका 

बताया जाता है कि बिहारशरीफ शहर में गेल इंडिया की गैस पाइपलाइन बिछी हुई है। ऐसे में जमीन से लगातार आग निकलने की घटना को लेकर गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय एसडीओ किसलय श्रीवास्तव के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की जांच की।

बुझाने के बाद भी निकलने लगीं लपटें 

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग को बुझाने के बाद भी दोबारा लपटें निकलने लगीं। इससे प्रथमदृष्टया गैस रिसाव से संबंधित मामला होने की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कंपनी को इसकी जानकारी दी जा रही है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि आग बुझाने के बाद भी दोबारा लपटें निकल रही हैं। मामले को देखते हुए गैस पाइपलाइन से संबंधित कंपनी को सूचना दी जा रही है।

मेहरपर इलाके में चाय दुकान के पास जमीन से आग की लपटें निकल रही हैं। हालांक‍ि उसकी लौ बहुत तेज नहीं है, लेकिन एहति‍यात बरतते हुए फायर ब्र‍िगेड की टीम लगातार कैंप कर रही है।