विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब CM के कमांडो की पत्नी से ₹1200000 की ठगी, बिहारशरीफ से 2 साइबर ठग गिरफ्तार

Published: Wed, 15 Jul 2026 01:43 PM (GMT+05:30)

पंजाब पुलिस ने नालंदा के बिहारशरीफ से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पंजाब सीएम के कमांडो की ...और पढ़ें

पंजाब CM के कमांडो की पत्नी से ₹1200000 की ठगी, बिहारशरीफ से 2 साइबर ठग गिरफ्तार

पंजाब CM के कमांडो की पत्नी से ₹1200000 की ठगी, बिहारशरीफ से 2 साइबर ठग गिरफ्तार

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। पंजाब पुलिस ने नालंदा जिले की लहेरी थाना पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहारशरीफ से दो कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पंजाब के मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कमांडो की पत्नी को 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भैंसासुर मोहल्ला निवासी मुकेश कुमार और अस्पताल मोड़ निवासी विशाल भारती के रूप में हुई है।

पटियाला साइबर थाना के सब इंस्पेक्टर मनदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में साइबर अपराधियों ने कमांडो की पत्नी मनजीत कौर को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 12 लाख रुपये ठग लिए थे।

मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद साइबर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की राशि बिहारशरीफ के दोनों आरोपितों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी।

दिल्ली में गिरोह से संपर्क, खाते देकर लेते थे कमीशन

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपित दिल्ली जाकर साइबर ठगों के बड़े नेटवर्क के संपर्क में रहते थे। वे गिरोह को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनमें ठगी की रकम जमा कराई जाती थी।

इसके एवज में उन्हें ठगी गई राशि का करीब दो प्रतिशत कमीशन मिलता था। आरोपितों के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।

देशभर में फैला नेटवर्क, पांच करोड़ की ठगी का अंदेशा

प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस साइबर गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला होने के संकेत मिले हैं। इस मामले में गिरोह से जुड़े कुछ अन्य आरोपितों को कोलकाता और जामताड़ा से भी गिरफ्तार किया गया है।

साइबर सेल में दर्ज विभिन्न शिकायतों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि गिरोह अब तक देशभर में करीब पांच करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर चुका है।

ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले गई पुलिस

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पंजाब पुलिस की टीम, जिसमें सब इंस्पेक्टर हरतेंद्र सिंह और सिपाही नवनीत सिंह शामिल थे, दोनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ पंजाब ले गई। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।