विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में सवारी बनकर बस रुकवाई, फिर 10-12 बदमाशों ने चालक-कंडक्‍टर को पीटा; शीशे तोड़े

Published: Mon, 31 Aug 2026 10:15 AM (IST)

बिहारशरीफ में यादव छात्रावास के पास बदमाशों ने एक यात्री बस पर हमला कर दिया। उन्होंने चालक-उपचालक से मारपीट कर बस के शीशे तोड़े और पांच हजार रुपये छीन लिए।

हमले में टूटा बस का शीशा। जागरण

हमले में टूटा बस का शीशा। जागरण

HighLights

  1. बिहारशरीफ में यात्री बस पर बदमाशों ने किया हमला।

  2. चालक-उपचालक से मारपीट, बस के शीशे तोड़े, रुपये लूटे।

  3. घटना का संबंध रक्षाबंधन के विवाद से जुड़ा।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार थाना क्षेत्र के यादव छात्रावास के समीप सोमवार की सुबह बदमाशों ने बिहारशरीफ से शेखपुरा जा रही यात्री बस पर हमला कर दिया।

लाठी-डंडे और लोहे के पाइप से लैस 10 से 12 युवकों ने बस को रोककर चालक और उपचालक के साथ मारपीट की तथा बस के शीशे तोड़ दिए।

इस दौरान उपचालक के पास रखे पांच हजार रुपये छीन लेने का भी आरोप है। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई।

घायल बस चालक नीतीश कुमार और उपचालक पप्पू यादव को स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सवारी बनकर रुकवाई बस, चालक से छीनी चाबी

सदर अस्पताल में उपचार करा रहे चालक नीतीश कुमार ने बताया कि वह सोमवार सुबह 'बदौनी' बस लेकर शेखपुरा जा रहे थे।

यादव छात्रावास के समीप चार-पांच युवक सड़क किनारे खड़े दिखाई दिए। उन्हें सवारी समझकर चालक ने बस रोक दी। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने चालक की ओर से बस में चढ़कर चाबी निकाल ली।

इसके बाद वहां पहले से मौजूद 10-12 अन्य युवक पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे तथा लोहे के पाइप से मारपीट शुरू कर दी।

पहले उपचालक पप्पू यादव को घेरकर पीटा गया और फिर बस के अंदर चालक के साथ मारपीट की गई। चालक का आरोप है कि डीजल भराने के लिए जेब में रखे पांच हजार रुपये भी हमलावर छीन ले गए।

रक्षाबंधन के दिन हुए विवाद से जोड़कर देखी जा रही घटना

चालक ने घटना के पीछे रक्षाबंधन के दिन हुए विवाद की आशंका जताई है। उसके अनुसार, उस दिन बस में काफी भीड़ थी।

नियमित स्टॉपेज से कुछ दूरी पर बस रुकने को लेकर एक यात्री और उसके स्वजन ने चालक एवं उपचालक के साथ गाली-गलौज की थी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

चालक को आशंका है कि उसी विवाद को लेकर उसके साथियों की मदद से सोमवार को योजनाबद्ध तरीके से हमला कराया गया। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।