विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन विवाद में नालंदा के शख्स की गोली मारकर हत्या, पुल के नीचे फेंका शव

Published: Mon, 09 Feb 2026 03:17 PM (IST)

विनोद प्रसाद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसका शव दनियावां थाना क्षेत्र में पुल के नीचे मिला। ...और पढ़ें

नालंदा के शख्स की गोली मारकर हत्या। (जागरण)

नालंदा के शख्स की गोली मारकर हत्या। (जागरण)

HighLights

  1. विनोद यादव की गोली मारकर हत्या, शव पुल के नीचे मिला।

  2. पुरानी जमीन रंजिश को हत्या का मुख्य कारण बताया।

  3. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी, जांच जारी है।

संवाद सहयोगी, हिलसा। थरथरी थाना क्षेत्र के त्रिभुवन विगहा गांव निवासी स्वर्गीय कामेश्वर प्रसाद के 45 वर्षीय पुत्र विनोद प्रसाद यादव की शनिवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

वारदात दनियावां थाना क्षेत्र के नायिका रोड पुल के पास हुई, जहां हत्या के बाद शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया। स्वजन के अनुसार, विनोद यादव को उनका एक जानने वाला रिश्तेदार नानी के घर ले जाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था।

बताया गया कि रास्ते में पार्टी भी चली और देर रात फतुहां थाना क्षेत्र से होते हुए दनियावां थाना क्षेत्र के नायिका पुल के पास पहुंचने पर विनोद यादव को गोली मार दी गई।

इसके बाद शव को पुल के नीचे फेंककर आरोपी फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के परिवार ने इस हत्या को पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए बताया कि करीब एक दशक पहले जमीन विवाद को लेकर विनोद यादव के पिता स्वर्गीय कामेश्वर प्रसाद की भी हत्या कर दी गई थी, जिसका मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।

परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद की कड़ी में अब विनोद यादव की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।