विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में एक्‍ट्रेस काजल राघवानी को देखने उमड़ी भीड़ ने बिगाड़े हालात, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Published: Sat, 19 Sep 2026 10:52 PM (IST)

बिहारशरीफ, नालंदा में एक ज्वेलरी दुकान के उद्घाटन समारोह में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी के पहुंचने पर भारी भीड़ के ...और पढ़ें

ब‍िहारशरीफ में प्रशंसकों से घ‍िरीं काजल राघवानी को बाहर ले जाते निजी गार्ड। वीड‍ियो ग्रैब

ब‍िहारशरीफ में प्रशंसकों से घ‍िरीं काजल राघवानी को बाहर ले जाते निजी गार्ड। वीड‍ियो ग्रैब

HighLights

  1. भीड़ ने काजल राघवानी की गाड़ी पर पथराव किया।

  2. कार्यक्रम बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित किया गया था।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

डिजिटल डेस्क, नालंदा। बिहारशरीफ के नाला रोड स्थित एक ज्वेलर्स दुकान के उद्घाटन समारोह में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी के पहुंचने के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हो गया।

अभिनेत्री को देखने और उनके साथ फोटो व सेल्फी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। भीड़ बढ़ने के बाद फोटो खिंचवाने को लेकर आपाधापी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

हालात बिगड़ते देख आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों ने अभिनेत्री को वहां से निकालने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी गाड़ी पर भीड़ की ओर से पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई है। बेसमेंट के रास्‍ते उन्‍हें निकाला गया।  

फोटो और सेल्फी लेने के लिए उमड़ी भीड़

बताया जा रहा है कि काजल राघवानी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में प्रशंसक उनके करीब आने की कोशिश करने लगे। लोग उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए आगे बढ़ने लगे।

देखते ही देखते भीड़ बढ़ गई और वहां अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों ने प्रयास किया, लेकिन स्थिति पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी।

गाड़ी में बैठाकर निकालने की हुई कोशिश

स्थिति बिगड़ती देख काजल राघवानी को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकालकर उनकी गाड़ी तक ले जाया गया। अभिनेत्री को गाड़ी में बैठाने के बाद उन्हें वहां से रवाना करने की कोशिश की गई।

इसी दौरान उनकी गाड़ी पर भीड़ की ओर से पत्थर फेंके जाने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

हंगामे की सूचना मिलने के बाद लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अभिनेत्री की गाड़ी पर पत्थर किसने फेंके।

बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजन का आरोप

बताया जाता है कि पुलिस ने कहा है क‍ि कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर से अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस की ओर से आयोजक को नोटिस जारी किया जा रहा है।

नोटिस के माध्यम से आयोजन के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा कि बिना प्रशासनिक अनुमति के कार्यक्रम किस परिस्थिति में आयोजित कराया गया।

इधर शो रूम संचालक ने कहा है कि जिला प्रशासन को पत्र लिखकर आयोजन की सूचना दी गई थी। 17 तारीख को ही आवेदन दिया गया था। 

बहरहाल पुलिस कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था और अभिनेत्री की गाड़ी पर कथित पथराव की घटना को लेकर भी जानकारी जुटा रही है।  

अभ‍िनेत्री ने जारी क‍िया वीड‍ियो 

काजल राघवानी ने वीड‍ियो जारी कर बताया है कि वे पूरी तरह सुरक्ष‍ित हैं। कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्‍होंने फैन से सपोर्ट बनाए रखने की अपील की है।