Darbhanga News: भूमि विवाद में युवक को मारी गोली, हालत नाजुक; आरोपित गिरफ्तार
दरभंगा के बहेड़ा के पोहद्दी गांव की घटना। आरोपित गिरफ्तार पिस्टल की बरामदगी के लिए चल रही है तलाशी। जख्मी युवक की स्थिति नाजुक पेट और गले में लगी है गोली।
दरभंगा (बेनीपुर), जेएनएन। बहेड़ा के पोहद्दी गांव में गुरुवार की शाम भूमि विवाद में एक पक्ष ने गोली चला दी। इसमें एक युवक जख्मी हो गया। खून से लथपथ स्थिति में पप्पू कुमार झा के पुत्र आर्दश कुमार झा उर्फ बिट्टू (16) को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सक ने गंभीर स्थिति देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया। आर्दश को दो गोली लगी है। एक गोली गले में और दूसरी गोली पेट में लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपित व बहादुर झा के पुत्र सनी झा को गिरफ्तार कर लिया है। पिस्टल की बरामदगी के लिए आरोपित घर की तलाशी की जा रही है। फिलहाल कोई सफलता नहीं मिली है। बताया जाता है कि पप्पू कुमार झा और बहादुर झा के बीच वर्षों से भूमि विवाद चल रहा है। इसे लेकर पहले भी कई बार मारपीट हुई है। शाम के समय आर्दश सनी के घर के बगल के रास्ते से गुजर रहा था।
इसी बीच सनी ने पिस्टल निकाल कर आदर्श पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आर्दश नीचे गिर गया और छटपटाने लगा। अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार पहुंचे और आरोपित को दबोच लिया। आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इधर, बेनीपुर एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।