पूर्वी चंपारण में घर से बुलाकर युवक को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस East Champaran News
स्कॉर्पियो सवार तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम। घायल युवक का निजी नर्सिंग होम में चल रहा इलाज।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। स्कॉर्पियो सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी और कल्याणपुर की ओर फरार हो गए। घायल युवक को मोतिहारी रहमानिया नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। युवक कुडिय़ा के हरि सिंह का पुत्र पंकज कुमार सिंह बताया जाता है। युवक को तीन गोलियां लगी हैं। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। चिकित्सकों ने बताया कि एक गोली गला को छू कर निकल गई। वहीं दूसरी गोली हाथ व तीसरी पीछे से मारी गई जो स्पाइनल में फंसी हुई थी।
बताया गया कि युवक जेसीबी ट्रैक्टर रख कर मिट्टी कटाई-ढलाई का कार्य करता है। घटना के समय वह कुडिय़ा रेलवे गुमटी के समीप स्थित अपने घर पर था। इसी क्रम में एक काले रंग की स्कॉर्पियो पर सवार तीन बदमाश आए व युवक को मोबाइल से वाहन के पास बुलाया और गोली मार दी। होश आने पर पंकज ने बताया कि राजा नाम के लड़के ने मोबाइल पर कॉल कर कहा कि उसे राजतिलक सिंह ने बुलाया है। उसे मारने के लिए राजतिलक सिंह को मिंटू सिंह ने सुपारी दी है।
डीएसपी मुरली मनोहर मांझी ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है। बताया गया कि घायल पंकज भी कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।