दरभंगा के युवक की दिल्ली में गला रेतकर हत्या, परिवार में मचा कोहराम
शनिवार को शव के गांव पहुंचते मचा कोहराम ईंट-भट्टा में मजदूरी करता था भदई सहनी। होली के दिन आपसी रंजिश में सहयोगी ने कर दी हत्या हत्यारोपी को पकड़ पुलिस को सौंपा।
दरभंगा, जेएनएन। सिमरी थाना क्षेत्र के बिरदीपुर निवासी स्व.शत्रुध्न सहनी के पुत्र राजकुमार उर्फ भदई सहनी (30) की चाकू से गला रेत दिल्ली में हत्या कर दी गई। घटना होली के दिन की है। आपसी रंजिश को हत्या का कारण बताया जा रहा है। शनिवार की दोपहर शव के गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। बताते हैं कि दिल्ली के बादली थाने के समयपुरा में भदई अपने साथियों के साथ होली उत्सव मना रहा था। मोबाइल फोन से बात करते हुए अपने कमरे से बाहर निकला।
इस बीच उसके सहयोगी उमेश ने पकड़ कर सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेत दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हत्यारोपी उमेश सहनी को चाकू के साथ स्थानीय लोगों ने दबोच कर बादली पुलिस के हवाले कर दिया। उमेश मुजफ्फरपुर के कटरा बैगना बिस्ता गांव निवासी बिल्टू सहनी का पुत्र बताया जाता है। भदई और उमेश ईंट भट्टा में एक साथ मजदूरी करता था।
होली में घरै आवे वाला छल है हमर बेटा...
शनिवार को एम्बुलेंस से भदई का शव बिरदीपुर गांव पहुंचते कोहराम मच गया। दोपहर दो बजे से सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। मुखिया लतीफुर रहमान ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये सहायता प्रदान की। हर कोई निर्मम हत्या पर अफसोस जता रहा था। माता सुनीता देवी अपने बड़े पुत्र भदई के शव से लिपट कर चीत्कार मार रही थी-अब परिवार के सहारा के होतैय।
होली में घरै आवे वाला छल है हमर बेटा... आ जतीय त दुश्मन से बच जाइत। पत्नी शीला देवी अबोध अंकित (5) एवं किशुन (3) को गोद में लेकर अपने पति को निहार कर अचेत हो जा रही थी। सुहाग उजड़ने के गम में आंखों से पत्नी के आंसू रुक नहीं रहे। छोटा भाई इंदल सहनी (18) हरिद्वार में मजदूरी करता है। दुर्गेश सहनी (15), बिरजू सहनी(12) घर पर मेहनत मजदूरी करता है।
एक साल पहले पिता शत्रुध्न सहनी की मौत हो गई। बहन आरती देवी भाई की निर्मम हत्या से बेसुध होकर किनारे में खड़ी थी। भदई की हत्या की सूचना से ससुराल रधवा टोला में शोक की लहर है। दस वर्ष पहले परीक्षण सहनी की पुत्री से उसकी शादी हुई थी।