समस्तीपुर में गोली मारकर युवक की हत्या, झोपड़ी के विवाद में दिया गया घटना को अंजाम
एक साल से झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहता था लरझाघाट में, चार लोगों को किया गया नामजद, पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए शुरू की छापेमारी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में अपराध लगातार बढ़ते जा रहा है। इस क्रम में एक और घटना को समस्तीपुर जिले में अंजाम दिया गया है जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना समस्तीपुर के बिथान थाना क्षेत्र के लरझाघाट में गुरुवार की देर रात अंजाम दिया गया। मृतक 18 वर्षीय बजीर बक्खो है। वह पिछले एक साल से अपने परिवार के साथ झोपड़ी बनाकर लरझाघाट में रह रहा था। पुलिस ने शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिथान थाना क्षेत्र के लरझाघाट में गुरुवार की रात घुमंतु समुदाय के शकुर बक्खो का पुत्र है। मृतक मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के मधेली बाजार का रहने वाला था। वह अपने परिवार के साथ पिछले एक साल से लरझाघाट में झोपड़ी बनाकर रह रहा था। बताया जाता है कि लरझाघाट के ही अर्जून यादव, उमेश यादव, राजा बाबू उर्फ बोतला एवं दाहौर यादव गुरुवार की रात करीब ग्यारह बजे उसके झोपड़ी पर आया और यहां से खाली कर जाने को कहा। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
मारपीट भी हुई। इसी क्रम में पिस्तौल निकालकर बजीर बक्खो को गोली मार दी। तत्काल घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि नामजद चारो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। बता दें कि एक दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कैबिनेट ने लरझाघाट में थाना बनाने की स्वीकृति दी है। इसके लिए पद भी स्वीकृत किए गए हैं।