युवक ने भाई को लिखी मार्मिक चिट्ठी, और झूल गया फंदे पर
जयनगर थाना क्षेत्र के शिलानाथ गांव में सोमवार की सुबह बगीचे में युवक का शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला। मृतक की जेब से मिला भाई के नाम लिखा सुसाइड नोट।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। भाई को मार्मिक चिट्ठी लिखने के बाद एक युवक फांसी के फंदे पर झूल गया। इस सुसाइड नोट को जिसने भी पढ़ा उसकी आंखे भर आईं। मामला मधुबनी जिले का है। यहां के जयनगर थाना क्षेत्र के शिलानाथ गांव स्थित आम के एक बगीचे में सोमवार की सुबह 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला। प्रथमदृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
जेब से मिला सुसाइड नोट
अपने भाई के नाम लिखे उस सुसाइड नोट में युवक ने पढ़ाई में कमजोर होने के कारण आत्महत्या की बात कही है।
मृतक स्थानीय बिल्टू सिंह का पुत्र विकास सिंह है। वह 12 वीं का छात्र था।मधुबनी में रहकर कम्प्यूटर की पढ़ाई कर रहा था । अभी बीते 11 जनवरी को घर आया था। विकास तीन भाई- बहनों में सबसे छोटा था ।बड़ा भाई नीरज कुमार सिंह दिल्ली में निजी कंपनी में कार्यरत है।
सोमवार की सुबह चार बजे विकास शौच के लिए घर से निकला था। जिसके बाद बगीचे में उसका शव फंदे से लटका मिला।जयनगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है। जयनगर थानाध्यक्ष उमाशंकर राय ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।