पश्चिम चंपारण में भूमि विवाद में युवक को खूंटे में बांधकर बेरहमी से पीटा, दो गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने पीड़ित युवक को कराया मुक्त। विवाद के मामले में दो गुटों के बीच तनाव। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। पश्चिम चंपारण के बगहा शहर से पांच किमी दूर नरवल-बरवल गांव में भूमि विवाद के मामले में युवक को खूंटे से बांधकर बेरहमी से पिटाई करने का मामला शनिवार को सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। घटना शनिवार सुबह की है। मौके पर पहुंचकर पठखौली ओपी की पुलिस ने बंधक बने युवक जहीर अंसारी को मुक्त करा कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जाता है कि गांव के क्यामुद्दीन अंसारी व अब्दुल मस्तान के बीच पहले से जमीनी विवाद चल रहा है। न्यायालय में मामला लंबित है। इस बीच, एक पक्ष के लोग विवादित स्थल पर जबरन घर बनाने लगे। दूसरे पक्ष के पीड़ित जहीर अंसारी ने घर बनाने से मना किया तो आरोपितों ने उसे बंधक बना लिया और खूंटे से बांधकर पिटाई की। घटना की सूचना मिलते ही पठखौली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची।
बंधक बनाए गए युवक को मुक्त कराया और दो आरोपित मेराज अंसारी व सेराज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पठखौली ओपी के प्रभारी धर्मवीर कुमार भारती ने बताया कि पीड़ित युवक क्यामुद्दीन अंसारी के पिता के बयान पठखौली ओपी में कांड संख्या 180/19 दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।