पूर्वी चंपारण में आर्केस्ट्रा में हुए विवाद को लेकर युवक को मारी गोली, दो गिरफ्तार
घटनास्थल से पुलिस ने जब्त की दो बाइक चल रही जांच आर्केस्ट्रा में हुए विवाद के बाद चली गोली। घटना के बाद लोगों ने भाग रहे दो बदमाशों को धर दबोचा और जमकर धुनाई कर दी।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पहाड़पुर थानाक्षेत्र के उत्तरी नोनेया के पंडितपुर बाजार पर शनिवार की देर रात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक इसी गांव के निवासी मंटू उर्फ जोका यादव के पुत्र संजय यादव को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद नाराज लोगों ने भाग रहे दो बदमाशों को धर दबोचा और जमकर धुनाई कर दी। बाद में दोनों बदमाशों को पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
घटनास्थल से दो बाइक क्रमश: एक बूलेट और एक स्प्लेंडर जब्त किया गया है। गिरफ्तार किए जानेवालों में परहा टोला निवासी अक्षय कुमार व मझौलिया थाना के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी रामकुमार सहनी शामिल हैं। घटना के पीछे एक आर्केस्ट्रा में हुआ विवाद बताया गया है। बताया गया है कि गांव में ही एक बारात आई थी, उसी में विवाद हुआ। एक पक्ष के लोगों ने पीछा कर युवक को गोली मार दी। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। शेष लोगों की खोज की जा रही है।
पीपराकोठी में भी हुई मारपीट
मोतिहारी जिले के पीपराकोठी थानाक्षेत्र के बंगरी गांव में शनिवार की रात ब्रह्मदेव साह के यहां आई बारात में आर्केस्ट्रा के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट में दो लोग जख्मी हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इस सिलसिले में पीडि़त पक्ष ने नगर थाना में आवेदन दिया है।
पुलिस को दिए आवेदन में जख्मी सुगंती देवी गांव के ही नंदकिशोर पासवान व रंजीत पासवान समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। बताया है कि हमले में वह एवं उसका पुत्र संतोष कुमार गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।