Lockdown Bihar: बिहार के क्वारंटाइन सेंटर में मजदूरों ने किया हंगामा, भोजन समय पर नहीं मिलने का आरोप
समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित क्वॉरंटाइन सेंटर की घटना। समय पर भोजन नहीं मिलने का लगाया आरोप सभी पूर्णिया के निवासी।
समस्तीपुर, जेएनएन। रोसड़ा शहर के प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर स्थित क्वॉरंटाइन सेंटर में रह रहे पूर्णिया के दर्जनभर मजदूरों ने शुक्रवार दोपहर बाद हंगामा शुरू कर दिया। वे समय पर भोजन नहीं देने का आरोप लगा रहे थे। कहा कि सुबह में थोड़ा चूड़ा, चनाचूर और एक कप चाय के बाद खाने की व्यवस्था नहीं की गई।
अर्जुन ऋषि, काली चरण, विंदो ऋषि, देवानंद ऋषि, कुंदन ऋषि, कंचन ऋषि, गणेश ऋषि, दीपचंद कुमार, रंजीत कुमार अदि ने तीन दिनों से देर से भोजन मिलने का आरोप लगाया। कहा कि पूर्व में जब सेंटर पर ही खाना बनता था तो सही यवस्था थी। यहां खाना बनना बंद होने के बाद से गड़बड़ी होने लगी। घर भेजने की कोई व्यवस्था भी नहीं हो रही है। जबकि, तीन दिन पूर्व ही फिटनेस प्रमाण पत्र मिल चुका है।
उधर, शाम चार बजे खाना लेकर पहुंचे सीओ ने सभी को भोजन कराया। कहा कि संबंधित संवेदक की लापरवाही के कारण भोजन नहीं मिला। संवेदक को कार्य मुक्त कर दिया गया है। बताया कि 29 मार्च को समस्तीपुर से पूर्णिया लौट रहे इन मजदूरों को यहां पर भर्ती कराया गया था।