Corona warrior: फर्ज की खातिर रुकवा दी शादी, लॉकडाउन में ड्यूटी निभा रहीं महिला सिपाही सोनी, जानिए
महिला कांस्टेबल सोनी कुमारी 24 अप्रैल को होने वाली अपनी शादी को रुकवाकर अपने ड्यूटी का फर्ज निभा रही है। सोनी अभी दरभंगा जिले के सिमरी थाने में महिला कांस्टेबल पद पर तैनात है।
दरभंगा, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण से देशवासियों को बचाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने देश भर में तीन मई तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। लॉकडाउन को पालन कराने के लिए देश के जांबाज पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी को लेकर तत्पर हैं।
महिला कांस्टेबल सोनी कुमारी 24 अप्रैल को होने वाली अपनी शादी को रुकवाकर अपने ड्यूटी का फर्ज निभा रही है। मूल रूप से पटना की रहने वाली सिपाही सोनी कुमारी की शादी पेशे से अधिवक्ता युवक से पटना बिहटा में 24 अप्रैल को होने वाली थी। लेकिन, लगातार ड्यूटी व लॉकडाउन के कारण सोनी ने विवाह उत्सव को तत्काल स्थगित कर दिया है। वर-वधू पक्ष की सहमति व लॉकडाउन के बाद परिणय सूत्र में बांधने की तैयारी की जाएगी। सोनी अभी दरभंगा जिले के सिमरी थाने में महिला कांस्टेबल पद पर तैनात है।
तकनीकी युग में कंप्यूटर कार्य के साथ थाना अध्यक्ष हरिकिशोर यादव की ओर से दी गई सभी सरकारी गाइड लाइन का पालन कर रही हैं। सोनी ने बताया कि इस महामारी के समय अपनी जिम्मेदारी से अधिक आम नागरिक को सुरक्षा प्रदान करने की है।
कोरोना संक्रमण से बचाव का संदेश देकर लोगों को जागरूक करना है। विषम परिस्थिति के बीच 2018 बैच की सोनी कुमारी ने अपने निजी जीवन से अधिक कर्तव्य व पुलिस के फर्ज मानते हुए मिशाल पेश की है। इधर, पुलिस उपाधीक्षक बिरजू पासवान, थाना अध्यक्ष हरिकिशोर यादव ने कहा है कि सोनी का इस तरह के जोश, जज्बा व निर्णय की क्षमता अन्य के लिए प्रेरणा है।