प्रसूता दर्द से चीखती रही, डिलीवरी के बाद मौत, मुजफ्फरपुर के अस्पताल में हंगामा
मुजफ्फरपुर के मां सुभद्रा स्मृति नर्सिंग होम में बच्चे को जन्म देने के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मुजफ्फरपुर के नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत।
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
अस्पताल में जमकर हंगामा, पुलिस मौके पर पहुंची।
जागरण संवाददाता मुजफ्फरपुर। शहर के पीएनटी चौक स्थित मां सुभद्रा स्मृति नर्सिंग होम में बच्चे को जन्म देने के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। इसके बाद स्वजन ने अस्पताल और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
उनका आरोप था कि मरीज को जानबूझकर यहां रोककर रखा गया और दूसरे अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए नहीं जाने दिया गया। हंगामा की सूचना पर पहुंची मिठनपुरा थाना पुलिस ने स्वजन से बात की उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वे लगातार अस्पताल पर कार्रवाई पर अड़े थे।
मिली जानकारी के अनुसार शेरपुर निवासी गरीबनाथ महतो की बहू सोनी कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर पी एन टी चौक स्थित मां सुभद्रा स्मृति नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
स्वजनों ने बताया कि उनकी बहू को खून की कमी बताई गई थी। खून का इंतजाम करने के लिए कहा गया ताकि सिजेरियन से डिलीवरी हो सके। इसके बाद एक बोतल खून चढ़ाया गया।
इस बीच प्रसूता दर्द से चीख रही थी। स्वजन ने आरोप लगाया कि वे अपनी बहू को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में ले जाना चाह रहे थे लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने नहीं जाने दिया। कहा गया कि डिलीवरी हो जाएगा।
किसी तरह मंगलवार छह बजकर 20 मिनट पर किसी तरह डिलीवरी हुई। मामले को लेकर अस्पताल संचालक डा बिशेश्वर प्रसाद ने कहा कि उन्होंने पहले ही मरीज को अस्पताल से ले जाने के लिए कहा गया था।
लेकिन स्वजन यहीं रहे और इलाज करने की बात कहते रहे। सामान्य डिलीवरी हुई है। लापरवाही की बात सही नहीं है। रेफर के लिए लिख कर भी दे दिया गया था।
