मुजफ्फरपुर के शेरपुर में संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के सदर थाना का मामला। मृतका की मां ने पति व सास पर गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप। पुलिस को दहेज के लिए प्रताडि़त किए जाने की बात बताई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सदर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में शुक्रवार की रात सरोज देवी नामक महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। वह समस्तीपुर जिले के मुफ्फिसल थाना स्थित छतौना गांव निवासी मकरध्वज कुमार उर्फ बुलबुल की पत्नी थीं। काफी दिनों से शेरपुर में किराए के मकान में अपने पति, सास सहित अन्य के साथ रह रहींं थीं। घटना के बाद उसके ससुराल वाले फरार हो गए।
सरोज की मां वैशाली जिला के सदर थाना के घोसवर गांव की नीलम देवी ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। दहेज में दो लाख रुपये नहीं मिलने पर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप उन्होंने ससुराल वालों पर लगाया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 वर्ष पूर्व सरोज व मकरध्वज की शादी हुई थी। एक पुत्र है।
पति व सास दहेज के लिए सरोज को प्रताडि़त करते थे। दोनों उससे मायके से दो लाख रुपये मांग कर लाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोप लगाया कि शुक्रवार को पति व सास ने मिलकर उसकी गला दबा कर हत्या कर दी। इसकी जानकारी उन्हें किसी ने मोबाइल से कॉल कर बताई। सदर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह निराला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।