West Champaran: मझौलिया की एक लड़की को अगवा कर अधेड़ को बेचने वाली महिला गिरफ्तार
20 दिनों तक नाबालिग लड़की को एक कमरे में बंद कर किया था यौन शोषण पूर्वी चंपारण के रमगढ़वा थाने के एक गांव से अगवा की गई थी नाबालिग लड़की पुलिस इस मामले की कर रही थी जांच पड़ताल।
पश्चिम चंपारण (मझौलिया), जासं। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को अगवा कर पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मुर्गियाटोला गांव में 20 दिनों तक यौन शोषण करने के बाद एक लाख रुपये में एक अधेड़ के हाथों बेचने के मामले में फरार महिला को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला बिंदा देवी मझौलिया थाना क्षेत्र के बेखबरा गांव के योगेंद्र मुखिया की पत्नी है। पूछताछ के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपित महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में पीडि़ता की मां 04 जून 2020 को थाने में नाबालिग बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस त्वरित गति से अनुसंधान कर पीडि़ता को श्रीनगर थाना क्षेत्र के पूजहा गांव से बरामद की। करीब एक माह बाद पीडि़ता को पूजहा गांव निवासी वृक्षा पासवान के घर से बरामद किया गया था। पुलिस ने वृक्षा पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उसने बताया था कि एक लाख रुपये में पीडि़ता को खरीदा है। बताया जाता है कि पीडि़ता का आरोपित महिला के घर आना- जाना था। वहीं पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मुर्गियाटोला निवासी प्रेम मुखिया भी आता था। आरोपित महिला ने पीडि़ता को बहला फुसलाकर प्रेम मुखिया के साथ भगा दिया। प्रेम मुखिया पीडि़ता को लेकर अपने घर गया और उसके साथ 20 दिनों तक कुकर्म किया। फिर उसे एक लाख रुपये में बेच दिया गया।थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि इस मामले में कांड संख्या 436 /2020 दर्ज है। मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
आपसी विवाद को लेकर मारपीट में दो महिला घायल
मैनाटांड़। आपसी विवाद को लेकर मारपीट में दो महिला घायल हो गई। घायल महिला मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव निवासी आरती देवी पति मनोज पटेल है। वही इनरवा थाना क्षेत्र के बरवा परसौनी गांव निवासी इंदु देवी पति लालबाबू साह घायल है। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। वही मामले को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।