Weather Muzaffarpur: आज दिन में कड़ी धूप रहेगी और सूर्यास्त के बाद ठंड महसूस होगा
Weather Muzaffarpur आज भी मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है। दिन में कड़ी धूप होगी। इसके प्रभाव की वजह से गर्मी का अनुभव होगा लेकिन सूर्यास्त के बाद ठंड लगेगी। यह स्वास्थ्य के लिहाज से अधिक संवेदनशील मौसम माना जाता है।
मुजफ्फरपुर, आनलाइन डेस्क। मानसून की विदाई के बाद अब मौसम सामान्य होने लगा है। सोमवार की सुबह की बात करें तो खिली हुई धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई है। अभी पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा से हवा चल रही है। इसके प्रभाव की वजह से गुलाबी ठंड महसूस हो रही है। हालांकि पूरे दिन यह स्थिति नहीं रहेगी। दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होगी। जिससे गर्मी का अहसास होगा। इस दौरान देर तक खुले में रहने की वजह से डिहाइड्रेशन की स्थिति हो सकती है। इस प्रकार की स्थिति से बचना ही बेहतर है। मौसम में मुख्य बदलाव शाम को देखने का मिल सकता है। उस समय पछिया की वजह से तेजी से तापमान में कमी होगी। स्वास्थ्य के लिए इस तरह का मौसम संवेदनशील माना जाता है।
पछिया के प्रभाव से ठंड
सोमवार का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने का अनुमान है। दोनों के बीच 13 डिग्री का अंतर है। यह इस बात का संकेत है कि मौसम बदलाव की ओर अग्रसर है। देर रात घर से बाहर रहने वाले या फिर सुबह टहलने के लिए निकलने वाले इस चीज को महसूस कर भी रहे हैं कि ठंड ने दबे पांव दस्तक दे दी है। दशहरा के बाद हुई बारिश ने मौसम को बदल कर रख दिया है। आज शाम के बाद करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछिया हवा चल सकती है।
खेत को तैयार करने का सुझाव
मानसून की विदाई को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसान के लिए सुझाव दिया है कि वे अब मक्का व धान की फसल की कटाई का काम पूरा कर लें। इसके साथ ही साथ रबी के लिए खेत को तैयार करना आरंभ कर दें। सरसों व आलू की खेती के लिए अभी से ही तैयारी करना बेहतर होगा। उसके तुरंत बाद गेहूं की खेती की तैयारी शुरू हो जाएगी। इसको देखते हुए इस तरह की सलाह दी गई है।