Muzaffarpur Weather: दिन में बारिश की संभावना कम, शाम और रात के समय यह रहेगी स्थिति
Weather Muzaffarpur Bihar दो दिनों तक झमाझम बारिश के बाद मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश रुक गई है लेकिन अब भी आसमान बादलों से ढंका हुआ है। मौसम विभाग ने आज दिन में बारिश नहीं होने का अनुमान व्यक्त किया है।
मुजफ्फरपुर/समस्तीपुर, जासं। पूरे क्षेत्र में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से जगह-जगह बारिश हो रही है। कई जगहों से वज्रपात की सूचना भी आ रही है। पिछले दो दिनों तक लगातार बारिश के बाद मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में बारिश रुक गई है। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग की ओर से आज दिन में बारिश नहीं होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग तथा एक्यूवेदर की ओर से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि शाम और रात के समय गरज के साथ बारिश की संभावना है। इसलिए घर से बाहर निकलने की योजना बनाते हुए बारिश से बचाव के उपाय के उपाय कर लेना चाहिए।
गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना
शुक्रवार सुबह की बात करें तो आसमान पूरी तरह से बादलों से ढंका है। कम रफ्तार से पुरवा चल रही है। आर्द्रता 85 प्रतिशत के स्तर तक पहुंच गया है। इसे खतरनाक स्तर भी कहा जा रहा है। अभी करीब 28 डिग्री सेल्सियस तापमान है। बारिश बंद होते ही तापमान में तेजी देखने को मिल रही है। इसका तात्पर्य यह हुआ कि दिन में गर्मी रहेगी। आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहने का अनुमान है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन की संभावना है। शाम और रात के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान गरज के साथ हल्की बारिश हाे सकती है।
एक दो स्थानों पर भारी वर्षा
डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने कही है। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर बिहार के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। तराई के जिलों में यथा सीतामढ़ी, मधुबनी, शिवहर, पूर्वी तथा पश्चिमी चम्पारण जिलों में मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है। अन्य जिलों जैसे समस्तीपुर, गोपालगंज, दरभंगा तथा मुजफ्फरपुर में मध्यम वर्षा हो सकती है। इन जिलों के एक दो स्थानों पर भारी वर्षा भी होने का अनुमान है। वहीं बेगूसराय, वैशाली, सारण तथा सिवान जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 65 से 70 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है।