MuzaffarpurWeatherForecast: मुजफ्फरपुर में मौसम में अभी उतार-चढ़ाव जारी, सुबह में रहेगा कुहासा, दिन में खिलेगी धूप
MuzaffarpurWeatherForecast जिले में नववर्ष के पहले दिन सुबह में कुहासा रहेगा लेकिन दिन में धूप भी निकलेगी। 02 दिनों में तापमान में आएगी गिरावट चलेगी पछिया हवा। 8.4 डिग्री सेल्सियस पर जाकर थमा न्यूनतम तापमान। 23.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा अधिकतम तापमान।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। मौसम में अभी उतार-चढ़ाव जारी है। नववर्ष के पहले दिन सुबह में कुहासा रहेगा, लेकिन दिन में धूप भी निकलेगी। इससे राहत मिलेगी। शाम में ठंड का असर दिखेगा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के नोडल पदाधिकारी डॉ.ए.सत्तार ने बताया कि शुक्रवार के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होगी। अधिकतम तापमान 20 से 22 और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पछिया हवा हल्की रफ्तार यानी 5 से 7 किलोमीटर प्रतिघंटा चलेगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.2 और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस पर जाकर थमा।
सुबह से कुहासे के असर के साथ कनकनी रही। धूप निकली, लेकिन ठंड का प्रभाव बना रहा। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि तीन जनवरी 2021 तक मौसम साफ व शुष्क रहेगा। इस बीच अधिकतम तापमान 20 से 22 व न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह में मध्यम कुहासा छा सकता है। गोपालगंज, सिवान, सारण, पश्चिम व पूर्वी चंपारण जिलों में मध्यम से घना कुहासा रह सकता है। अलाव व हीटर से लोग ठंड से बचाव कर रहे हैैं। गांव से लेकर शहर के प्रमुख चौराहे पर अलाव जल रहे हैं।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए.सत्तार ने बताया कि पूरबा हवा चलने व आकाश में बदल छाने का भी अनुमान है। स़ुझाव दिया कि किसानों को आलू को झुलसा रोग से बचने की कोशिश करनी होगी। कोहरे से आलू की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचने की आशंका है। दुधारू पशुओं को उचित आहार दें व ठंड से बचाने के उपाय करें।
सर्दी व बुखार का बढ़ा प्रभाव
बोचहां पीएचसी के प्रभारी डॉ.नवीन कुमार ने बताया कि इस मौसम में बच्चों व बुजुर्गों को सतर्क रहने की जरूरत है। थोड़ी सी लापरवाही आपको बीमार कर सकती है। अभी के मौसम में कोल्ड डायरिया का प्रभाव ज्यादा रहता है। अगर कै-दस्त हो तो नमक, चीनी, पानी का घोल बच्चे को दें। इससे राहत नहीं मिले तो किसी निकट के अस्पताल जाना चाहिए। गर्म पानी का सेवन लगातार करते रहें। धूप निकलने के बाद ही टहलें।