Weather in Muzaffarpur: आसमान में छाए रहेंगे बादल, दो-तीन दिनों तक बारिश की बनी रहेगी संभावना
Weather in Muzaffarpur चंपारण शिवहर व दरभंगा में बुधवार की सुबह बारिश हुई है। 15से 25 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी पुरबा हवा। उसके बाद मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। Weather in Muzaffarpur: उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं अगले दो-तीन दिनों तक वर्षा की संभावना बनी रहेगी। यह कहना है मौसम विभाग का। अगले 16 मई तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में यह बात डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग ने कही है। मंगलवार को जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि पूर्वानुमानित अवधि में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते है। अगले दो-तीन दिनों तक वर्षा की संभावनी बनी रह सकती है। उसके बाद मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 60 से 70 प्रतिशत तथा दोपहर में 30 से 35 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। किसानों के लिए जारी समसामयिक सुझाव में मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो-तीन दिनों तक वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि कार्यो में सतर्कता बरतें। इस दौरान रबी मक्का की कटनी-दौनी नहीं करें। खड़ी फसलों में सिंचाई स्थगित रखें। हल्दी की बुआई 15 मई से शुरू कर सकते हैं।
मुजफ्फरपुर में आज भी धूप-छांव का खेल चलता रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश की बनी रहेगी संभावना। 15 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरबा हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।
वहीं पश्चिम चंपारण में सुबह से ही रुक रुक कर बारिश हो रही है। घने बादल छाए हुए हैं। तेज हवा भी चल रही है। इस वजह से गर्मी के इस मौसम में ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम के बदले मिजाज और करुणा के बढ़ते संक्रमण को देख लोग काफी भयभीत हैं। सड़कों पर पानी भर चला है। गन्ने की सिंचाई कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। आम और लीची के लिए भी यह बारिश फायदेमंद बताई जा रही है।
शिवहर में भी अलसुबह से ही बूंदाबांदी हो रही है। आसमान बादलों से पटा हैं। तेज हवा बह रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में तेज बारिश हो सकती है। दरभंगा में मौसम में नमी रही। बुधवार की सुबह जमकर बारिश हुई। इस कारण से शहर में जगह-जगह जल जमाव हो गया है। इलाके के किसानों में कहीं खुशी है तो कहीं गम है। आंधी के कारण आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।