मुजफ्फरपुर के मौसम में बड़ा बदलाव, घर से निकलने से पहले जरूर कर लें तैयारी
Weather in MuzaffarpurBihar बेगूसराय दरभंगा गोपालगंज समस्तीपुर वैशाली सारण सिवान मुजफ्फरपुर मधुबनी सीतामढ़ी पूर्वी तथा पश्चिमी चम्पारण जिलों में 9 से 11 जनवरी के बीच हल्की वर्षा होने की संभावना है। पुरवा हवा औसतन 6 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है।
मुजफ्फरपुर/समस्तीपुर,जासं। Weather in Muzaffarpur Bihar: पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर बिहार पर भी पड़ रहा है। इसके कारण आसमान में हल्के से घने बादल छाए रहेंगे। वहीं आज से हल्की बारिश होगी। मौसम पूर्वानुमान में डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वानुमान की अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के से घने बादल छाए रह सकते है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बेगूसराय, दरभंगा, गोपालगंज, समस्तीपुर, वैशाली, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी तथा पश्चिमी चम्पारण जिलों में 9 से 11 जनवरी के बीच हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री वृद्धि के साथ 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूर्वानुमानित अवधि में पछिया हवा चलेगी। इसके बाद पुरवा हवा औसतन 6 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रहने की संभावना है।
बारिश की बन रही संभावना
मुजफ्फरपुर : मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, एक विक्षोभ का असर अभी खत्म भी नहीं हुआ है कि दूसरा यूपी के रास्ते बिहार में दाखिल होने को तैयार है। पहले विक्षोभ के कारण नौ से 11 जनवरी के बीच बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था, अब एक और विक्षोभ ने इस अवधि को बढ़ा दिया है। दूसरे विक्षोभ का तेज असर 12 से 14 जनवरी तक रहेगा। इन दोनों दिनों में उत्तर बिहार में बारिश की संभावना बन रही है। मुजफ्फरपुर व आसपास के इलाके में हल्की बारिश की संभावना बन रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान में करीब डेढ़ डिग्री व न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह हल्के कोहरे से शुरुआत हुई, लेकिन दिन चढ़ते ही कोहरा पूरी तरह छंट गया व आकाश भी साफ हो गया। इसके बाद तेज धूप निकली, जिससे लोगों ने भारी राहत महसूस की। शनिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप निकलने के बाद कनकनी एकदम से गायब हो गई। पिछले कई दिनों से जारी कनकनी से राहत मिलने के बाद लोगों को सकून महसूस हुआ। मौसम विभाग ने कहा है कि 14 जनवरी के बाद मौसम का साथ मिलेगा और कनकनी में कमी आने के अलावा अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों बढ़ जाएगा।