Madhubani Flood News: धौंस नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी, कई गावों में फैला बाढ़ का पानी
Madhubani Flood News धौंस नदी के जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी है। इससे जिले के मधवापुर बेनीपट्टी व बिस्फी प्रखंड में बाढ़ का खतरा फिर से गहराने लगा है।
मधुबनी, जेएनएन। Madhubani Flood News: अधवारा समूह की धौंस नदी के जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी है। इससे जिले के मधवापुर, बेनीपट्टी व बिस्फी प्रखंड में बाढ़ का खतरा फिर से गहराने लगा है। एक पखवाड़े से बाढ़ का संकट झेल रहे इन प्रखंडों के लोग फिर से बाढ़ को लेकर भयभीत हैं। मलहामोड़-उच्चैठ डायवर्सन पर पिछले 18 दिनों से बाढ़़ का पानी बह रहा है। पिछले कुछ दिनों में पानी कम हो रहा था, लेकिन जलस्तर बढ़ने से यहां स्थिति फिर से बिगड़ने लगी है। माधोपुर डायवर्सन पर नाव चल रही है।
पिछले दिनों आई बाढ़ का पानी कम होने से राहत की सांस ले रहे लोगों की धड़कनें एक बार फिर बढ़ने लगी है। जलस्तर में वृद्धि का क्रम जारी रहा तो स्थिति एक बार फिर बिगड़ने के आसार हैं। बेनीपट्टी के बररी पंचायत के बररी, माधोपुर, रजवा, धनुषी, नवगाछी, सिड़वारा, फुलवरिया, बाजीतपुर, रजघट्टा गांव की करीब 25 हजार की आबादी बाढ़ के पानी से सर्वाधिक प्रभावित है। करहारा गांव की हालत भी नाजुक हैं। इसके अलावा मधवापुर व बिस्फी प्रखंड में भी लोग एक बार फिर से बाढ़ की आशंका से भयभीत हैं। बाढ़ का पानी फिलहाल खेतों में पसर रहा है। कई गांव पानी से चारों तरफ से घिर गए हैं। जलस्तर वृद्धि का सिलसिला यूं ही जारी रहा तो रात तक गांवों में भी पानी प्रवेश कर जाएगा।