Move to Jagran APP

Lok Sabha Election Phase 5 : सीतामढ़ी में झुलसाती गर्मी और धूप के बीच डटे रहे मतदाता

गर्मी और कड़ी धूप के बावजूद मतदाताओं का जोश बना रहा। हर उम्र के मतदाता वोटिंग को लेकर उत्साहित दिखे।

By Ajit KumarEdited By: Published: Mon, 06 May 2019 08:57 PM (IST)Updated: Mon, 06 May 2019 11:36 PM (IST)
Lok Sabha Election Phase 5 : सीतामढ़ी में झुलसाती गर्मी और धूप के बीच डटे रहे मतदाता
Lok Sabha Election Phase 5 : सीतामढ़ी में झुलसाती गर्मी और धूप के बीच डटे रहे मतदाता

सीतामढ़ी, जेएनएन। सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र के 1772 बूथों पर सोमवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। यहां के सियासी मैदान में 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। गर्मी और कड़ी धूप के बावजूद मतदाताओं का जोश बना रहा। हर उम्र के मतदाता वोटिंग को लेकर उत्साहित दिखे। पहली बार वोट देनेवाले युवा वोट के बाद सेल्फी लेते रहे और सोशल मीडिया पर शेयर करते रहे। यहां छह बजे तक ओवरऑल 56.90 फीसद मतदान हुआ।

loksabha election banner

 पिछली बार यह 56.73 फीसद रहा था। छह विधानसभा सीट वाले इस संसदीय क्षेत्र में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। सभी बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि, कई बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी के कारण थोड़ा विलंब भी हुआ। इस दौरान लोगों ने नाराजगी भी व्यक्त की। हालांकि, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सभी को समझाकर शांत कराया। वोट को लेकर गड़बड़ी करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया।

 सोनबरसा प्रखंड के बनरझूला स्थित बूथ संख्या 71 पर प्रदेश राजद अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने पत्नी रंजना पूर्वे के साथ मतदान किया। पूर्व मंत्री रंजू गीता ने बाजपट्टी, पूर्व मंत्री और सांसद सीताराम यादव ने बोखरा में मतदान किया। विधान पार्षद देवेशचंद्र ठाकुर ने डुमरा में बने बूथ पर मतदान किया। एनडीए प्रत्याशी सुनील कुमार पिंटू ने शहर स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाले। जिले के दिव्यांग और वृद्ध वोटरों के सहयोग के लिए बूथों पर मतदान मित्र की प्रतिनियुक्ति की गई थी। ये जिम्मेदारी एनसीसी और स्काउट एंड गाइड के कैडेट को दी गई थी। मतदान केंद्रों पर रैंप की भी व्यवस्था रही। 17 बूथों को आदर्श बूथ बनाया गया था।

 यहां मतदान कराने से लेकर सुरक्षा तक की जिम्मेदारी महिलाओं को दी गई थी। पीठासीन पदाधिकारी से लेकर मतदान कर्मी तक महिलाएं बनाई गई थीं। इन बूथों को प्रखंड मुख्यालय में ही बनाया गया था। प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर काफी चौकसी रही। संवेदनशील बूथों पर वीडियो कैमरे से रिकॉर्डिंग होती रही। क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला मुख्यालय में स्पेशल फोर्स की तैनाती की गई थी।

कुल मतदाता : 17,38,001

पुरुष : 9,20,566

महिला : 8,17,368

थर्ड जेंडर : 67

मतदान केंद्र : 1772

कुल प्रत्याशी : 20

2009 के नतीजे

1. अर्जुन राय (जदयू) : 2,32,769

2. समीर कुमार महासेठ (कांग्रेस): 1,22,216

3. सीताराम यादव (राजद) : 1,18,798

हार-जीत का अंतर : 1,10,553

2014 के नतीजे

1. रामकुमार शर्मा (रालोसपा) : 4,11,265

2. सीताराम यादव (राजद): 2,63,300

3. अर्जुन राय (जदयू) 97,188

हार-जीत का अंतर : 1,47,965

2019 की स्थिति

20 प्रत्याशी हैं मैदान में। एनडीए के सुनील कुमार पिंटू और महागठबंधन के अर्जुन राय के बीच मुकाबला। निर्दलीय माधव चौधरी बढ़ा रहे प्रतिद्वंद्विता।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.