मोर्चा अध्यक्ष को सौ नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का टास्क
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सोमवार को भाजपा की वर्चुअल बैठक के चौथे दिन कांटी और सकरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों का फीडबैक लिया।
मुजफ्फरपुर : केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सोमवार को भाजपा की वर्चुअल बैठक के चौथे दिन कांटी और सकरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों का फीडबैक लिया। उकहा कि पार्टी के सभी सातों मोर्चा अध्यक्ष सौ नए लोगो को जोड़ें। उनका वाट्सएप ग्रुप बनाएं और पार्टी की नीति, सिद्धांतों से नए सदस्यों को वाकिफ कराएं।
भाजपा तीन मोर्चो पर कर रही काम :
प्रदेश उपाध्यक्ष सह सांसद अजय निषाद ने कहा कि भाजपा अभी तीन मोर्चो कोरोना, बाढ़ और चुनाव की तैयारी पर काम कर रही है और हमारे कार्यकर्ता तीनो मोर्चो पर सफल हैं । जबकि विपक्षी दल केवल सोशल मीडिया पर हंगामा मचाने में लगे हैं। जनता के बीच उनका कोई काम नहीं है।
जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने लीची और गन्ना किसान की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही तटबंधों को मजबूत किए जाने और राहत व बचाव काम में तेजी लाने पर बल दिया।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. अरविद कुमार सिंह ने कहा कि कांटी फसल उत्पादन के दृष्टिकोण से दो भागों मे बंटा है। पूर्वी भाग लीची और पश्चिमी भाग गन्ना उत्पादन मे विशिष्ट है। सरकार ध्यान देगी तो क्षेत्र मे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मोतीपुर चीनी मिल खोलने और कांटी से बीजेपी उम्मीदवार देने की बात कही। साथ ही कहा कि कांटी के 15-16 पंचायत बाढ़ प्रभावित है। यहां सीओ के नहीं होने से राहत पर जो काम होना चाहिए वह नहीं हो रहा है।
बैठक का संचालन किसान मोर्चा प्रदेश प्रभारी जगन्नाथ ठाकुर ने किया। इसमें जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव,जिला महामंत्री सचिन कुमार, धर्मेंद्र साहू, मनोज कुमार सिंह, सकरा के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन राम, विधानसभा प्रभारी रत्नेश कुशवाहा, उपेंद्र पासवान, तेजनारायण शर्मा, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रामबालक शर्मा, सुभाष कुमार, रमेश कुशवाहा, अखिलेश सहनी, जिला प्रवक्ता प्रभात कुमार आदि शामिल रहे।