East Champaran News: रक्सौल में महिला से छेड़खानी कर रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ पुलिस को सौंपा, भेजा गया जेल
East Champaran News मामला आदापुर थाना क्षेत्र के मूर्तिया ठकुराई टोला का है महिला के आवेदन पर गिरफ्तार युवक को पुलिस ने भेजा जेल। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक मो. मुन्ना की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करना चाह रहा था।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। रक्सौल के आदापुर थाना क्षेत्र के मूर्तिया ठकुराई टोला में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। युवक अफजल उर्फ पहाड़ी है, जो मो. मुन्ना के घर में गलत नीयत से प्रवेश कर गया था। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक मो. मुन्ना की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करना चाह रहा था। तब तक महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनते ही परिजन व ग्रामीण जुट गए। वहीं युवक को पकड़ धुनाई शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष उक्त गांव पहुंचे। तब ग्रामीणों ने युवक को पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में महिला अजमेरी खातून ने पुलिस को आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर कांड संख्या 361/20 दर्ज गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया गया है।
नल जल योजना के कार्यो की हुई जांच
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आदापुर प्रखंड के बखरी पंचायत में मुख्यमंत्री जल नल योजना अंतर्गत हुए कार्यो की जांच हुई। सिकरहना कार्यपालक अभियंता एसपी तिवारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पंचायत के विभिन्न वार्डो में जांच की। श्री तिवारी ने बताया कि पंचायत के वार्ड 1, 2 व वार्ड 7 में हुए कार्यो की देखा गया। जहां सभी घरों को नल का जल उपलब्ध मिला। वहीं वार्ड में लोगों से भी जानकारी ली गई है। जांच रिपोर्ट तैयार जिला पदाधिकारी को सौंपा जाएगा। जांच टीम में जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनय कुमार, जेई विकास कुमार यादव थे। जबकि स्थानीय मुखिया मनोज यादव, प्रभू प्रसाद व अरविन्द कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।