विजिलेंस ने कर्मी से साठगांठ कर टिकट लेनेवाले दो को दबोचा
पूर्व मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने गुरुवार को कंपनीबाग स्थित आरक्षण काउंटर पर छापेमारी की। इस दौरान काउंटर के अंदर से कर्मी से साठगांठ कर तत्काल का टिकट बनवाने वाले दो लोगों को दबोचा गया।
मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने गुरुवार को कंपनीबाग स्थित आरक्षण काउंटर पर छापेमारी की। इस दौरान काउंटर के अंदर से कर्मी से साठगांठ कर तत्काल का टिकट बनवाने वाले दो लोगों को दबोचा गया। कर्मी ने अधिकारी से दुर्व्यवहार किया। इससे दोनों में नोकझोंक हुई और माहौल गर्म हो गया। विजिलेंस टीम ने कैश का मिलान किया को राशि कम मिली।
सूत्रों के अनुसार तत्काल टिकट लेने के लिए दो लोग कर्मी से साठगांठ कर काउंटर के अंदर पहुंच गए। दोनों ने कर्मी को टिकट का किराया दे दिया। इसके बाद सुबह 10 बजे एसी टिकट के लिए तत्काल चालू हुआ। इसी बीच विजिलेंस टीम ने काउंटर के बाहर व अंदर छापेमारी की। काउंटर के अंदर दो बाहरी लोगों को पकड़ा। उनसे पूछने करने पर कर्मी ने दोनों की राशि छिपा दी। विजिलेंस टीम ने राशि की खोज की, लेकिन नहीं मिली। इसके बाद काउंटर के कैश का मिलान किया। इस दौरान राशि कम मिली। इसके बाद दोनों से देर तक पूछताछ की गई। दोनों ने तत्काल में टिकट बनवाने की जानकारी दी। सूचना उप स्टेशन अधीक्षक पहुंचे और मामले को खत्म करने का ड्रामा चलता रहा। विजिलेंस टीम के अधिकारी ने बताया कि काउंटर पर अंदर से दो लोगों का टिकट बनाने की सूचना मिली थी। इस पर छापेमारी की गई। दो लोगों को पकड़कर पूछताछ की गई। जांच के दौरान कर्मी ने दुर्व्यवहार किया है। पकड़े गए दोनों लोगों को पूरा ब्योरा लेकर छोड़ा गया। रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारी को भेजी जाएगी।
जवान को एक नंबर टोकन मिलने पर यात्रियों ने किया हंगामा : जंक्शन के आरक्षण काउंटर संख्या चार पर गुरुवार को बिना लाइन में लगे पुलिस के जवान को एक नंबर टोकन मिलने पर यात्रियों ने हंगामा किया। टोकन वितरण करने वाले कर्मी व उप स्टेशन अधीक्षक को घेरा। उप स्टेशन अधीक्षक ने वीआइपी कोटा से सीट दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर यात्री वेटिंग टिकट लेकर पीएनआर नंबर उनको दिया। इसके बाद यात्री शांत हुए। उन्होंने कहा कि रातभर सादे कागज पर यात्री लाइन में लगे रहे। सुबह में कागज को किसी ने फाड़ दिया। इससे लाइन का नंबर गड़बड़ हो गया। टोकन वितरण में यात्री को चार नंबर काउंटर का दो नंबर टोकन थमा दिया गया। वहीं, बिना लाइन में लगे पुलिस के जवान को एक नंबर टोकन थमा दिया। इससे तत्काल चालू होने पर एक नंबर को कंफर्म टिकट मिल गया। यात्रियों ने कहा कि टोकन वितरण में गोलमाल होता है। रातभर यात्री लाइन में रहते हैं। उन्हें पीछे का टोकन दिया जाता है। लचर व्यवस्था से यात्री सप्ताह भर से लाइन में लग रहे, लेकिन कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। उप स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि यात्री की शिकायत मिली है। परामर्श दात्री यात्री सेवा समिति के सदस्य देवांशु किशोर ने कहा कि रातभर लगे यात्री को पहले टोकन मिलना चाहिए। महाप्रबंधक व डीआरएम से शिकायत की जाएगी।