Vasantik Navratri: इस बार नाव पर आएंगी माता, जाएंगी हाथी पर, जानिए कब से शुरू हो रहा नवरात्र...
Vasantik Navratri दो दिन शेष तैयारी जोरों पर। 25 मार्च बुधवार से शुरू होना नवरात्रि। माता का आगमन व गमन शुभ।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। वासंतिक नवरात्र को लेकर शहर व गांवों में तैयारी शुरू है। देवी मंदिरों में विशेष साफ-सफाई के साथ-साथ रंगरोगन का कार्य चल रहा है। बुधवार 25 मार्च से नवरात्र शुरू हो रहा है। इस बार तिथि क्षय नहीं होने से नवरात्र पूरे नौ दिनों का होगा। पंडितों के मुताबिक, इस बार मां भगवती का आगमन नाव पर हो रहा है। रामदयालु स्थित मां मनोकामना देवी मंदिर के पुजारी पंडित रमेश मिश्र बताते हैं कि सनातन धर्म में वासंतिक नवरात्र का विशेष स्थान है। इसमें शक्ति, सूर्यदेव व भगवान श्रीराम की उपासना होती है।
इस बार बन रहा अच्छा योग
इस बार नवरात्र में माता का आगमन व प्रस्थान दोनों अतिशुभ है। माता हाथी पर प्रस्थान करेंगी, जिससे अच्छी वर्षा के साथ-साथ सुख का योग है। सच्चे मन से मांगी गई मुराद मां जरूर पूरा करेंगी। रमना स्थित मां राज राजेश्वरी देवी मंदिर के पुजारी आचार्य अमित तिवारी बताते हैं कि इस बार नवरात्र का आरंभ बुधवार को होगा तो देवी नौका पर यानी नाव पर चढ़कर आएंगी।
नाव पर आगमन, व हाथी पर प्रस्थान
माता के नौका पर चढ़कर आने का मतलब है कि इस साल खूब वर्षा होगी। जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। माता की विदाई हाथी पर होगी। जो इस बात का सूचक है कि अच्छी वर्षा होगी। लेकिन कृषि के मामले में स्थिति अच्छी रहेगी। अच्छी उपज से किसान उत्साहित रहेंगे। हरिसभा चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पुजारी पंडित रवि झा बताते हैं कि इन 10 दिनों में चैती छठ व रामनवमी का पर्व भी मनाया जाएगा। 28 मार्च को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का चार दिनी अनुष्ठान शुरू होगा।