वैशाली एक्सप्रेस में बड़ी वारदात, समस्तीपुर में महिला के 5.10 लाख के गहने लूटे
Vaishali Express Jewellery Snatching:वैशाली एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में समस्तीपुर जंक्शन से ट्रेन खुलते ही 7-8 युवकों ने एक ...और पढ़ें

युवकों ने बाथरूम के पास एक महिला यात्री को घेरकर उसके गले से सोने की चेन और हीरे का पेंडेंट छीन लिया।
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। Vaishali Express Jewellery Snatching: वैशाली एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में भी यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोमवार सुबह समस्तीपुर जंक्शन से ट्रेन खुलते ही करीब सात से आठ युवक धक्का-मुक्की करते हुए कोच में घुस गए। आरोप है कि युवकों ने बाथरूम के पास एक महिला यात्री को घेरकर उसके गले से सोने की चेन और हीरे का पेंडेंट छीन लिया। महिला ने छीने गए गहनों की कीमत करीब 5.10 लाख रुपये बताई है।
पति को गेट पर रोका
दंपती समस्तीपुर से गाजियाबाद जा रहे थे। पीड़िता के अनुसार, ट्रेन के खुलते ही बदमाशों ने उसके पति को गेट के पास रोक दिया। इसके बाद महिला को बाथरूम के पास घेरकर उसके साथ बदसलूकी की गई और गहने छीन लिए गए।
गाजियाबाद में प्राथमिकी
वारदात के बाद सभी युवक बगल के कोच की ओर भाग निकले। गाजियाबाद पहुंचने पर मंगलवार को महिला ने जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज कराई। वहां से जीरो एफआइआर समस्तीपुर भेजी जा रही है।
रेल मदद पर शिकायत
महिला ने रेल मदद पर भी घटना की जानकारी दी थी। इसी माध्यम से रेलवे को वारदात की सूचना मिली। पीड़िता का कहना है कि उसने ट्रेन में टीटीई को भी घटना की जानकारी दी, लेकिन उसे तत्काल सहायता नहीं मिली।
सीसीटीवी फुटेज की जांच
रेल एसपी बीणा कुमारी ने बताया कि छानबीन में स्नेचिंग की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। थाना स्तर से बताया गया कि फुटेज में महिला के गले में चेन स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही है।
आरोपितों की तलाश जारी
मोबाइल डाटा समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। रेल एसपी ने बताया कि जीरो एफआइआर समस्तीपुर पहुंचने के बाद नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जीआरपी और आरपीएफ की मदद से आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
