वैद्य अशोक हरियाली के लिए पौधरोपण के साथ चला रहे जागरूकता अभियान Muzaffarpur News
बीबीगंज के वैद्य अशोक चार साल में लगा चुके 50 हजार से अधिक पौधे। सवा लाख लगाने का लक्ष्य। पौधों की नियमित करते देखभाल।
मुजफ्फरपुर, [पुनीत झा]। बीमारों के साथ प्रदूषण का भी इलाज। इसके लिए पिछले चार साल से पौधरोपण और जागरूकता अभियान चला रहे, बीबीगंज के वैद्य अशोक मिश्र। अब तक 50 हजार से अधिक पौधे लगा चुके हैं। लक्ष्य सवा लाख पौधे लगाने का है। इस अभियान में आने वाला खर्च खुद उठाते हैं।
मूलरूप से दरभंगा जिला निवासी वैद्य अशोक बीबीगंज मोहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। चार वर्ष पूर्व अपने आवासीय परिसर में बरगद का एक पौधा लगाया था। उसकी नियमित देखरेख करते। समय के साथ पौधा बड़ा हुआ। बाद में दुर्भाग्यवश सूख गया। इससे बड़े आहत हुए। मन को पीड़ा हुई। फिर तो उन्होंने ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने का निश्चय कर लिया, ताकि पर्यावरण हरा-भरा रहे। इसके बाद तो पौधे लगाने का जनून सवार हो गया। उन्होंने बैरिया, भीखनपुर, भवानीपुर और सनहपुर सहित अन्य क्षेत्रों में पौधे लगाए हैं। इसके लिए खुद खर्च करते हैं। उनके जुनून को देखते हुए कई अन्य लोग भी साथ हो लिए हैं।
पौधरोपण के लिए गांव लिया गोद
पौधरोपण के लिए उन्होंने बैरिया स्थित अयाचीग्राम को गोद भी ले रखा है। अभी तक वहां सैकड़ों पौधे लगा चुके हैं। उसकी नियमित सिंचाई व देखभाल भी करते हैं। मेन रोड में केवल कामिनी के पौधे लगाए हैं। कहते हैं कि इससे वायु सुगंधित रहेगी। पांच साल में 25 हजार कामिनी के पौधे लगाएंगे। अन्य फलदार व औषधीय पौधे भी लगा रहे। बच्चों के जन्मदिन, महापुरुषों की जयंती व पुण्यतिथि और बड़े पर्व पर भी पौधरोपण करते हैं।
सभी का पर्यावरण के प्रति दायित्व
उनकी योजना वर्ष 2024 तक एक लाख 25 हजार पौधे लगाने की है। अभी तक तकरीबन 50 हजार पौधे लगा चुके हैं। वह कहते हैं, पर्यावरण के प्रति हमारा भी दायित्व है। यह केवल सरकार की ही जिम्मेदारी नहीं। पौधे परिवार के सदस्य की तरह होते हैं। कहते हैं कि लुप्त हो रहे फूलों व फलों की प्रजातियों का संरक्षण और औषधीय पौधों, खासकर हर्रे व बहेड़ा को लगाना है।
उनके पौधरोपण अभियान से प्रभावित बीबीगंज के राजाबाबू और राहुल नगर, ब्रह्मपुरा के नवीन कुमार हरियाली फैलाने में लगे हैं। वे भी समय-समय पर पौधरोपण में मदद करते हैं। इन लोगों का कहना है कि पर्यावरण बचाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। एक पौधा सबको लगाना चाहिए। मुजफ्फरपुर के डीएफओ सुधीर कुमार कर्ण ने कहा कि पर्यावरण विभाग ने ऐसे व्यक्तियों के लिए योजना शुरू की है। इसमें संबंधित व्यक्ति विभाग में आवेदन देंगे। विभाग की ओर से प्रस्तावित किए जाने के बाद उन्हें प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।