कॉलेज कर्मी की बिहार विश्वविद्यालय में नियुक्ति पर हंगामा, कार्य का किया बहिष्कार Muzaffarpur News
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार। पूर्णिया विवि में कर्मचारियों पर कार्रवाई के विरोध में दो दिनों तक हड़ताल पर रहेंगे कर्मी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में कॉलेज के तीन कर्मचारियों की विश्वविद्यालय में प्रतिनियुक्ति के विरोध में विवि के कर्मचारियों ने मंगलवार को कार्य का बहिष्कार कर दिया। साथ ही विवि परिसर में जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों के बहिष्कार के कारण विवि में मंगलवार को कार्य नहीं हो सका। कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में विवि को एक जून को ही पत्र दिया गया था कि कॉलेज के कर्मियों की प्रतिनियुक्ति विवि में नहीं की जाए।
साथ ही विवि में पहले से जो कर्मचारी प्रतिनियुक्ति पर हैं उन्हें भी संबंधित कॉलेजों में भेज दिया जाए। इसके बाद भी विवि की ओर से कॉलेज के तीन कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति विवि में कर दी गई। इसी के विरोध में विवि के कर्मचारी भड़क गए। विवि कर्मचारी संघ के प्रवक्ता गौरव कुमार का कहना है कि जबतक विवि की ओर से कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति वापस नहीं ली जाती और नए सिरे से किसी भी कर्मचारी की प्रतिनियुक्ति नहीं करने का आश्वासन नहीं मिलता तबतक कर्मचारी कार्य का बहिष्कार जारी रखेंगे। बता दें कि विवि में स्नातक में नामांकन की प्रक्रिया अगले महीने से शुरू होनी है। साथ ही परीक्षा संबंधी कार्य भी होने हैं। ऐसे में कर्मचारियों की हड़ताल से व्यापक असर पड़ सकता है।
पूर्णिया विवि में कर्मचारियों पर कार्रवाई के विरोध में दो दिनों तक हड़ताल
पूर्णिया विवि में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इसके विरोध में बिहार राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ की ओर से बुधवार और गुरूवार को कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है। महासंघ के महासचिव राघवेंद्र कुमार ने बताया कि कर्मचारियों पर कार्रवाई के विरोध में विवि में कार्य बाधित रहेगा।