मुजफ्फरपुर में मेडिकल ओवर ब्रिज के नीचे मिला अज्ञात शव, जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में मेडिकल ओवर ब्रिज के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल ...और पढ़ें

ब्रिज के नीचे लाश। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के मेडिकल ओवर ब्रिज के नीचे सोमवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हास्पिटल (एसकेएमसीएच) भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने मेडिकल ओवर ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय अहियापुर थाना पुलिस को दी।
सूचना पाकर दल-बल के साथ पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पंचनामा तैयार किया और एम्बुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। लोगों ने बताया कि इन दिनों अहियापुर में लावारिस हालत में शव मिलने की घटना में बढ़ोतरी हुई है।
इधर, थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि आस-पास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पहचान होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
