बाइक सवार दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम
मृतकों की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के शिवराजपुर छरकी गांव निवासी अमरजीत यादव और चंदन कुमार के रूप में की गई है घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बरात जा रहे पश्चिम चंपारण के दो युवकों की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई। दोनों युवक बाइक से शनिवार की रात गोपालगंज जा रहे थे। मृतकों की पहचान जिले के नौतन थाना क्षेत्र के शिवराजपुर छरकी गांव निवासी अमरजीत यादव (22 वर्ष) और चंदन कुमार (18 वर्ष) के रूप में की गई है। उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। गोपालगंज जिले के यादवपुर थाने की पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर उसे उनके परिजनों के हवाले कर दिया है।
दोनों युवक अपने-अपने परिवार के इकलौते चिराग थे। अमरजीत यादव की शादी इसी महीने में 13 फरवरी को हुई थी। वहीं चंदन अभी अविवाहित थे। दोनों युवकों का शव पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। दो युवकों के इस हादसे का शिकार हो जाने पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक बाइक से शनिवार की रात करीब आठ बजे गोपालगंज के लिए अपने गांव से रवाना हुए थे। इसी दौरान गोपालगंज जिले के अहिरौली ढाला के पास यह हादसा हुआ। परिजन का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।