करंट की चपेट में आकर महिला की मौत, मृतका की मां ने बताया दहेज हत्या East Champaran News
पूर्वी चंपारण के राजेपुर में अलग अलग जगहों पर करंट लगने से महिला समेत दो की मौत हो गई। महिला की मां ने पुत्री की मौत को दहेज हत्या बताया ससुराल के लोगों पर आरोप।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले के राजेपुर थानाक्षेत्र के अलग-अलग गांवों में पिछले चौबीस घंटों के दौरान विद्युत स्पर्शाघात से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद संबंधित परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के मुताबिक सेमराहा गांव निवासी भूषण कुमार यादव अनजाने में बिजली तार की चपेट मे आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना भुआलीडीह गांव में हुई। यहां सुबोध कुमार की पत्नी अनिता देवी की मौत चापाकल पर पानी लेने के दौरान अचानक मोटर में आए करंट से हो गई। बताया गया है कि वह चापाकल पर पानी लेने गई थी। इसी बीच घर में लगे मोटर में विद्युत करंट का प्रवाह हो गया और महिला की तत्काल मौत हो गई। मामले में महिला की मां ने दहेज के लिए हत्या करने का आवेदन दिया है।
थानाध्यक्ष प्रदीप राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अनिता की मां चकिया के फुलवरिया निवासी फूलमति देवी ने आरोप लगाया है कि पुत्री की हत्या सास फूल देवी और ननद निशा ने मिलकर कर की है। साल भर पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से लगातार दहेज में चेन व बाइक के लिए दबाव बनाया जा रहा था।