समस्तीपुर में गश्ती के दौरान बाइक के धक्के से सैप जवान की मौत, दो अन्य जख्मी
Accident in Samastipur समस्तीपुर में सैप जवान की गश्ती के दौरान हादसे में मौत हो गई। इस दौरान दो बाइक सवार भी जख्मी हो गए। इसमें एक वृद्ध की स्थिति गंभीर है। दोनों का इलाज चल रहा है। बेगूसराय जिले के निवासी थे सैप जवान बलराम यादव।
समस्तीपुर, जेएनएन। दलसिंहसराय थाने में पदस्थापित एक सैप जवान की गश्ती के दौरान हादसे में मौत हो गई। इस दौरान दो बाइक सवार भी जख्मी हो गए। इसमें एक वृद्ध की स्थिति गंभीर है। दोनों का इलाज चल रहा है। मृत सैप जवान बेगूसराय जिले के छोराही बखड़ा गांव निवासी बलराम यादव थे। वहीं, घायल बाइक सवार मधेपुर गांव निवासी राजकुमार राय के पुत्र राजू कुमार (30) और उसी गांव के वासुदेव राय हैं।
यह हुई घटना
बताया गया कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पिपरपति- मऊ रोड में मधेपुर गांव के पुरानी पोखर के पास सोमवार रात सैप जवान दारोगा महानंद सोरेन समेत गश्ती टीम के साथ सड़क किनारे खड़े थे। तभी अचानक मऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जवान को जोरदार ठोकर मारी। इसके बाद बाइक गड्ढे में जा गिरी। इसमें सैप जवान के साथ बाइक सवार दो लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तीनों को पुलिस टीम ने अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर कर दिया। बेगूसराय में इलाज के दौरान सैप जवान की मौत हो गई।
सूचना के बाद डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र ने थाना पहुंचे सैप जवान के इकलौते पुत्र अवनीश कुमार को सांत्वना दी। डीएसपी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद जवान के शव को समस्तीपुर पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि दी जाएगी। जवान के पुत्र ने बताया कि वह दसवीं का छात्र है। तीन बहनों में दो की शादी हो चुकी है। पिता वर्ष 2004 में आर्मी से रिटायर्ड हुए। वर्ष 2006 में सैप में ज्वाइन किया था।