सरैया में महिला समेत दो हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, कई विध्वंसक घटनाओं में रहे शामिल Muzaffarpur News
कंस्ट्रक्शन कंपनी से लेवी मांगने व विध्वंसक घटनाओं को अंजाम देने में रहे शामिल। कुढऩी सरैया समेत कई थानों में मामले दर्ज पूछताछ में कई ठिकाने की मिली जानकारी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। विशेष पुलिस टीम ने सरैया इलाके से महिला समेत दो हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान अनिल बैठा व रागिनी देवी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि ये दोनों कई विध्वंसक घटनाओं को अंजाम देने में शामिल रहे हैं। अनिल बैठा ने कबूल किया वह कारोबारियों व कंस्ट्रक्शन से जुड़ी कई कंपनियों के मालिक को लेवी वसूलने के लिए कॉल कर धमकी देता था। लेवी का पर्चा भी कंपनियों के कैंप पर पहुंचाने की बात बताई है। उसने संगठन से जुड़े कई साथियों के नाम व ठिकाने की भी जानकारी दी है। उसकी निशानदेही पर पश्चिमी क्षेत्र में ऑपरेशन जारी है।
पुलिस का कहना है कि महिला रागिनी देवी भी सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रही है। अनिल के बारे में बताया गया कि वह मूल रूप से वैशाली के गोपालपुर का रहने वाला है। लेकिन रागिनी कांटी के फतेहपुर की है। इनदोनों की गतिविधि इनदिनों काफी बढ़ी हुई थी। इन दोनों की संलिप्तता के बारे में पुलिस मुख्यालय को भी जानकारी मिली थी। पुलिस का कहना है कि रागिनी हार्डकोर रमेश पासवान का करीबी है। बता दें कि इसी साल लोकसभा चुनाव से पहले पुलिस मुठभेड़ में रमेश मारा गया था।
बताया गया कि सोमवार को पुलिस के वरीय अधिकारियों के इन दोनों के बारे में सूचना मिली। इसके बाद एएसपी ऑपरेशन विमलेशचंद्र झा के नेतृत्व में एसएसबी व अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने नाकेबंदी की। इसी दौरान सरैया के अबूचक इलाके से दोनों को दबोच लिया गया। ये दोनों मंदिर से लौट रहे थे। एएसपी ऑपरेशन ने इन दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि पूर्व से लंबित मामलों में इन दोनों को रिमांड किया जाएगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप