BRA Bihar University परिसर में छात्रों के दो गुट भिड़े, फायरिंग और बमबारी, जानिए क्यों हुई घटना
BRA Bihar University वर्चस्व को लेकर पीजी-1 और पीजी-2 के छात्र आपस में भिड़े। सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया के दौरान हुआ बवाल उपद्रवी तत्वों पर लाठी चार्ज।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। BRA Bihar University परिसर में शुक्रवार की शाम सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से पथराव, फायङ्क्षरग व बमबारी हुई। इसमें दर्जनों छात्र चोटिल हुए। भीड़ को नियंत्रित करने गई पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। इसमें कई पुलिसकर्मियों को भी चोटे आईं। हालांकि बाद में वरीय पुलिस अधीक्षक जयंत कांत के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने उपद्रवियों पर काबू पा लिया। इससे पहले भीड़ में शामिल उपद्रवी तत्वों ने डीजे वाहनों का शीशा तोड़ दिया। जेनरेटर व अन्य चीजों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घंटेभर के लिए विवि परिसर रणक्षेत्र में तब्दील रहा।
भीड़ शांत नहीं हुई
बताया गया कि अचानक छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत हो गई। स्थिति बिगडऩे की सूचना पर विवि थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद, काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष मो. शुजाउद्दीन, क्यूआरटी प्रभारी सुनील कुमार रजक, सदर व ब्रह्मपुरा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रों को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन, भीड़ शांत नहीं हुई। इस बीच स्थिति अनियंत्रित होने की सूचना पर एसएसपी जयंत कांत, नगर डीएसपी रामनरेश पासवान व एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लाठी चटकाकर उपद्रवियों को भगाया। कुछ देर बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।
पिस्टल लहराते हुए धमकाता रहा युवक
उपद्रव के दौरान एक आरोपित सरेआम पिस्टल लहराते हुए भीड़ को धमकाता रहा। पुलिस के सामने भी तमंचा दिखाता रहा। इसी बीच पुलिस ने उसे खदेड़कर धर दबोचा। उसके पास से पिस्टल जब्त की गई। तत्काल नगर डीएसपी उसे अपने साथ लेकर निकल गए। युवक का सत्यापन कर पुलिस अन्य उपद्रवियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
वर्चस्व को लेकर हुआ विवाद
बताया गया कि शाम में हॉस्टल के छात्र प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे। डीजे पर गाना बजा सभी डांस कर रहे थे। इसी दौरान पीजी-1 और पीजी-2 के कुछ छात्र वर्चस्व कायम करने को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से छात्रों की भारी भीड़ आमने-सामने आ गई। दोनों तरफ से पथराव व फायङ्क्षरग होने लगी।
20 राउंड फायरिंग और दर्जनों बम फोड़े
विवाद के दौरान दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग के साथ दर्जनों बम फोड़े गए। हालांकि, इस दौरान किसी को गोली लगने की सूचना नहीं है। हॉस्टल के भीतर से बम फेंके जा रहे थे। छत पर कुछ उपद्रवी मौजूद थे, जो लगातार फायरिंग व पत्थरबाजी कर रहे थे। पुलिस जवानों ने काफी सावधानी से स्थिति को नियंत्रित किया। बताया कि बम सामान्य प्रकृति के थे, वरना बड़ी घटना हो सकती थी।