पश्चिम चंपारण में गंडक नदी में डूबीं दो लड़कियां, एक का मिला शव, दूसरे की तलाश जारी
पश्चिम चंपारण बगहा की घटना। एक का मिला शव दूसरे की तलाश में जुटे ग्रामीण। कटनी करने के लिए दियारा क्षेत्र में पहुंची थीं दोनों। उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी दोनों युवतियां।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। कटनी करने गईं दो लड़कियों की गंडक नदी में डूबने से मौत के बाद सनसनी फैल गई। काफी मशक्कत के बाद एक का शव निकाला गया। दूसरे की तलाश की जा रही है।
बिहार सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के खैरवा थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा निवासी 15 वर्षीय रिंकू कुमारी व बरवांपटृटी थाना क्षे़त्र के गोबरही निवासी 18 वर्षीय निक्की बुधवार की दोपहर बगहा पुलिस जिला के नदी थाना क्षेत्र के गिधौना में कटनी करने के लिए आई थीं। दोपहर करीब तीन बजे दोनों को प्यास लगी तो वे बगल में गंडक नदी की शाखा झखनही नदी में पानी पीने के लिए चली गईं। इस दौरान वह नदी में डूबने लगीं।
तभी वहां काम कर रहे कुछ लोगों की नजर पड़ी तो वे मौके पर पहुंचे और लड़कियों को बचाने का प्रयास करने लगे। लेकिन वे गहरे पानी में चली गईं। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने निक्की का शव बरामद किया। दूसरे की तलाश की जा रही है। सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। नदी थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि एक लड़की का शव मिला है। दूसरे की तलाश की जा रही है। दोनों यूपी की निवासी हैं। जो दियारा में खेती करने के लिए आई थीं। वहीं भितहा सीओ शिवेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर राजस्व कर्मचारी की टीम भेज दी गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।