यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 03, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मौसम के बदले मिजाज से बढऩे लगा बीमारियों का प्रकोप, तेज बुखार से दो की मौत, 11 भर्ती Muzaffarpur News
एसकेएमसीएच में शनिवार को तेज बुखार से पीडि़त एक बच्चे और युवक की मौत हो गई। मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मौसम के बदले मिजाज के साथ ही बीमारियों का प्रकोप बढऩे लगा है। एसकेएमसीएच में शनिवार को तेज बुखार से पीडि़त एक बच्चे और युवक की मौत हो गई। मृत बच्चा छपरा दरियापुर सैदपुर के जीतेंद्र राय का पुत्र आर्यन कुमार एवं युवक समस्तीपुर चकमेहसी कलौजर के दशरथ सहनी थे। दोनों के परिजन को अस्पताल से निशुल्क शव वाहन उपलब्ध कराया गया। वहीं इस बीमारी से ग्र्रसित चार बच्चों समेत सात को भर्ती किया गया। इससे पूर्व विगत सप्ताह हाईफीवर से एक महिला समेत दो की मौत हो चुकी है। वहीं 17 को इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
मालूम हो कि इन दिनों मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढऩे लगा है। इससे एसकेएमसीएच और सदर अस्पताल से पीएचसी तक मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सबसे ज्यादा मरीज सर्दी-खांसी, बुखार व डायरिया के हैं। बच्चों में बुखार, पेट दर्द के साथ कै-दस्त की शिकायत ज्यादा है। शिशु विभाग के डॉ. जेपी मंडल ने इसका कारण मौसम का बदला मिजाज बताया। बाढ़ व बारिश के बाद कभी तेज धूप तो कभी बूंदाबांदी के साथ उमसभरी गर्मी बीमारियां बढ़ा रही है। इस मौसम में सेहत का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है।
