बैंक में ठगी करते दो बदमाश रंगे हाथ गिरफ्तार, जानिए कैसे आए पकड़ में Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से दो बदमाश गिरफ्तार किए गए है। वे एक ग्राहक से 50 हजार ठगी करने में लगे थे। इसी दौरान पुलिस ने किया गिरफ्तार।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। भारतीय स्टेट बैैंक की मिठनपुरा शाखा में एक ग्राहक से 50 हजार की ठगी करने में लगे दो बदमाशों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए बदमाश पटना जिले के बिहटा निवासी गुल्लू कुमार और बख्तियारपुर निवासी जितेंद्र कुमार से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम जांच व छापेमारी कर रही है। दोनों के खिलाफ मुशहरी के माधोपुर निवासी कोचिंग संचालक अभिषेक द्विवेदी के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह हुई घटना
बताया गया है कि अभिषेक बैंक में लेन-देन के सिलसिले में आए थे। यहीं पर पटना के दोनों बदमाश मिले। अभिषेक को अपने झांसे में लेना शुरू किया। इसी बीच बैैंक में तैनात चौकीदार को सूचना मिली। तत्काल चौकीदार ने थानाध्यक्ष भागीरथ प्रसाद को जानकारी दी। तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बदमाश दबोचे गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि बदमाशों ने कई अहम जानकारी दी है। इस आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। दोनों के खिलाफ दर्ज अन्य मामलों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।
नशे में धुत्त ऑटो चालक ने की होमगार्ड जवान से हाथापाई, गिरफ्तार
शहर के सरैयागंज टावर पर यातायात नियंत्रण में तैनात होमगार्ड जवान के साथ नशे में धुत्त एक ऑटो चालक ने हाथापाई की। जवान ने मौके से उसे धर दबोचा। साथियों के साथ मिलकर ऑटो को किनारे लगाया। इसके बाद आवागमन ठीक हुआ। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑटो को जब्त कर लिया है। चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इस सिलसिले में जवान नागेंद्र पांडेय ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि यातायात नियंत्रण के लिए साथियों के साथ सरैयागंज टावर पर तैनात थे। इसी दौरान तेज गति से ऑटो लेकर चालक मो. शहंशाह आया। रोकने पर हाथापाई करने लगा। जवान ने साथियों के साथ मिलकर उसे दबोचा। साथ ही वाहन जब्त किया। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई। मामले में नगर पुलिस ने 71/ 2020 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की है।