Coronavirus News Update: उत्तर बिहार में कोरोना के नौ नए मामले, संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा शतक के करीब
North Bihar Coronavirus News Update उत्तर बिहार में सोमवार को नौ नए पॉजिटिव केस मिलने के बाद यहां कोरोना मरीजों का आंकड़ा शतक के करीब पहुंच गया है। मुजफ्फरपुर में आज भी तीन केस।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। North Bihar Coronavirus News Update: सोमवार को उत्तर बिहार में नौ नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले। जिसके बाद संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढकर 92 पहुंच गया है। मुजफ्फरपुर में सोमवार को लगातार तीसरे दिन कोराेना के तीन नए मामले मिले। लंबे समय तक ग्रीन जोन में रहे मुजफ्फरपुर जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से लोगों में हड़कंप मच गया है। मधुबनी में दो नए मामले सामने आए इसी के साथ यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 26 हो गई। दरभंगा में आज तीन नए पॉजिटिव केस मिले। वहीं सीतामढ़ी में 1 नया संक्रमित मरीज मिला है। वहीं आज मधुबनी के पांच मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है।
मुजफ्फरपुर में तीन नए कोरोना पॉजिटिव
मुजफ्फरपुर। जिले में तीन कोरोना पाॅजिटिव सोमवार को भी मिले । सभी बोचहां प्रखंड के रहने वाले हैं। इसकी पुष्टि डीएम डाॅ. चंद्रशेखर सिंह ने की है। तीन दिनों में नौ संक्रमितों के मिलने से हड़कंप मच गया है। इसके बाद लगातार रविवार और सोमवार को भी तीन तीन नए मरीज मिले।
मधुबनी में दो और कोरोना पाॅजिटिव मिले
मधुबनी। जिले में कोरोना के दो और पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इससे यहां कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। हालांकि, इनमें से पांच की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। इससे फिलहाल इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 21 मानी जा सकती है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार व डीएम डॉ. निलेश रामचंद्र देवरी की ओर से यह जानकारी दी गई है। इन दो मामलों में एक रहिका प्रखंड का है। इस प्रखंड का यह पहला मामला है। वहीं दूसरा मामला राजनगर प्रखंड का है। यहां पहले से चार पाॅजिटिव मामले हैं। अब यहां पांच मामले हो गए हैं।
डीएम के अनुसार राजनगर के रांटी का एक युवक (20) कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है।
मधुबनी में पांच लोगों ने जीती कोरोना की जंग
मधुबनी। जिले में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या के बीच एक राहत देने वाली खबर भी आई है। जिले के पांच लोगों ने कोरोना की जंग जीत ली है। ये सभी 27 अप्रैल को आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद सभी को झंझारपुर नर्सिंग स्कूल में बने कोरोना केयर सेंटर में भर्ती कर दिया गया था। डीएम डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने सोमवार को यह पुष्टि की कि इन पांचों की रिपेार्ट निगेटिव आई है। इन्हें शीघ्र घर भेज दिया जाएगा। साथ ही सभी को 14 दिनों तक होम आइसोलेशन में रहना होगा। इसमें महत्वपूर्ण यह है कि एक महिला मरीज की उम्र 65 वर्ष है। उन्होंने भी इस महामारी से जंग जीत ली।
सीतामढ़ी में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव
सीतामढ़ी।सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा प्रखंड के झिटकी गांव में 42 साल की एक महिला में कोरोना केस मिला है। इस महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा के द्वारा की गई है। 30 अप्रैल को इसी गांव से एक ही परिवार के चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें एक संक्रमित शिक्षक की मौत हो चुकी है। जबकि, एक महिला की रिपोर्ट अब निगेटिव आई है और दो अन्य सीतामढ़ी में आइसोलेटेड हैं। सोमवार को कोरोना पॉजिटिव का एक और मामला सामने आने के साथ ही सीतामढ़ी जिले में सात मामले सामने आ चुके हैं।
उत्तर बिहार के जिलों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या
जिला - कोरोना पॉजिटिव केस
सीतामढ़ी - 6+1
मधुबनी - 24+2
पश्चिम चंपारण - 11
दरभंगा - 11+3
पूर्वी चंपारण - 14
शिवहर - 3
समस्तीपुर -8
मुजफ्फरपुर- 6+3
कुल- 83+9=92
मौत- 2