आज पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी पहुंचेंगे राज्यपाल लालजी टंडन
प्रभारी डीएम व एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा,उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह भी रहेंगे साथ।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। जिले के पीपराकोठी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र( केविके) में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल लालजी टंडन हिस्सा लेंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह भी रहेंगे। यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण के बाद कार्यक्रम होगा। इसके मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
सोमवार को प्रभारी डीएम अखिलेश कुमार सिंह, एसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर तैयारी का जायजा लिया। मॉक ड्रिल भी कराया गया। राज्यपाल मंगलवार सुबह 11.30 बजे केविके परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। परेड की सलामी लेकर कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे।
वे यहां 2:35 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद हवाई मार्ग से प्रस्थान कर जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर चार डोर मेटल डिटेक्टर बनाए गए हैं। हेलीपैड से सभास्थल तक चार डीएसपी, छह पुलिस निरीक्षक, 12 दारोगा और 250 जवानों की तैनाती की गई है। चौकीदार, दफादार, गृहरक्षक, सीआरपीएफ जवानों को भी लगाया गया है।