पश्चिम चंपारण : खेत में सो रहे युवक को बाघ ने मार डाला West champaran News
मनरेगा के पौधों और खेत की रखवाली करता था सोहन महतो। जानवरों की आवाज पर देर रात खेतों की ओर गया था।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। गोवर्धना थाना क्षेत्र की बगही पंचायत के रामबाग में मनरेगा के पौधों व खेत की रखवाली कर रहे एक किसान पर बाघ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी किसान को रामनगर पीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृत किसान बगही सखुआनी गांव निवासी स्व. डोमा महतो का पुत्र सोहन महतो (42) था। घटना की बाबत स्थानीय थाने में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। घटना से क्षेत्र में दहशत है। वन विभाग की टीम वहां कैंप कर रही थी।
बताया गया कि सोहन महतो पंचायत में वनपोषक था। वह बगही पंचायत सरकार भवन परिसर में लगे मनरेगा के पौधों की रखवाली और अपने खेतों में लगी धान की फसल की देखरेख भी करता था। जंगल क्षेत्र में नीलगायों के अधिक उत्पात के कारण रात में पंचायत सरकार भवन में ही सो जाता था। सोमवार रात में भी सोया था। वहां पत्नी पूरन देवी भी थी। उसने बताया कि रात करीब ढाई बजे जानवरों की आवाज पर पति की नींद खुल गई। वे खेतों में जानवरों को भगाने के लिए निकले। काफी देर तक नहीं लौटे तो अनहोनी की आशंका हुई। जब वहां गई तो गन्ने के खेतों के बीच गंभीर हालत में तड़पते देखा। गले और दाहिनी जांघ से काफी खून बह रहा था। चिल्लाने पर लोग जुटे। इसके बाद स्थानीय थाना व वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग के वाहन से उसे रामनगर पीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इस बारे में वन प्रमंडल एक डीएफओ अंबरीश कुमार मल्ल ने कहा वन पोषक का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।