समस्तीपुर में आइसोलेशन सेंटर पर बदमाशों का हमला, तीन लोग घायल
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुर स्थित एक विद्यालय को सरकार ने फिलहाल आइसोलेशन सेंटर बना रखा है। यहां सूबे के बाहर से आए प्रवासी मजदूरों को आरंभिक जांच के बाद रखा जा रहा है।
समस्तीपुर, जेएनएन। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय विशनपुर स्थित आइसोलेशन सेंटर में सोमवार देर रात नशे की हालत में तीन लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान क्वारंटाइन में रह रहे दस लोगों में तीन को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। सूचना के बाद पुलिस ने तीनों जख्मी का सदर अस्पताल में उपचार कराया। वहीं, तीन लोगों को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने कहा कि गिरफ्तार हमलावरों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जख्मी लोग भी विशनपुर गांव के निवासी हैं। घटना की बाबत मंगलवार को एक पीडि़त के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें हकीमाबाद निवासी यशवंत कुमार, जितवारपुर के फरपुरा निवासी विकास कुमार राय और संतोष कुमार को आरोपित किया है। घटना के बाद वहां पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
पहले भगाने का किया था प्रयास
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गत एक अप्रैल को जयपुर से तीन लोग विशनपुर पहुंचे थे। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तीनों को आइसोलेशन सेंटर में रखा। यहां अभी दस लोग क्वारंटाइन में हैं। सोमवार दोपहर नशे की हालत में हमलावर स्कूल में घुसे। क्वारंटाइन में रह रहे लोगों को गाली-गलौज कर भगाने का प्रयास किया। क्वारंटाइन में रह रहे लोगों ने विरोध किया तो भाग निकले। देर रात फिर लाठी, डंडे से लैस होकर स्कूल में घुसे। इसके बाद क्वारंटाइन में रहे लोगों की पिटाई शुरू कर दी। इसमें एक का दाहिना पैर टूट गया। दो अन्य भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शोर सुनकर स्थानीय लोग जुटे। तब तक हमलावर भाग निकले। बाद में पुलिस ने तीनों जख्मी का उपचार कराया।
सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद आइसोलेशन सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यहां सिर्फ एक चौकीदार की तैनाती है। इसका फायदा उठाकर कुछ लोग इधर-उधर टहलते रहते हैं। क्वारंटाइन में रहने वाले लोगों का घर भी आइसोलेशन सेंटर के पास है।
घटना के संबंध में समस्तीपुर एसपी विकास बर्मन ने कहा कि आइसोलेशन सेंटर में आसामाजिक तत्वों ने मारपीट की। उसे अंदर प्रवेश से मना किया गया। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की पहचान की जा रही है। जिले के सभी आइसोलेशन सेंटर में रह रहे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं।