बोलेरो सवार तीन लोगों ने महिला को किया अगवा, तीन दिनों बाद हाथ-पैर बांधकर गड्ढे में फेंका, जानें पूरी घटना
22 फरवरी को घर पहुंचाने के बहाने पीडि़ता को हरसिद्धि बाजार से किया था अगवा। नशा देकर बेहोश करने के बाद आरोपितों ने आभूषण लूटे दुष्कर्म की भी आशंका।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। जिला अंतर्गत हरसिद्धि बाजार में रसोई गैस लेने आई 35 वर्षीय महिला को घर पहुंचाने का झांसा देकर आरोपितों ने बीते शनिवार को अगवा कर लिया था। नशा खिलाकर उसके आभूषण लूट लिए। दुष्कर्म किए जाने की भी संभावना है।
पीडि़ता को बांध कर फेंका
मंगलवार की सुबह में आरोपितों ने महिला का हाथ व पैर बांधकर मझौलिया थाने के महोदीपुर गांव के समीप खेत में फेंक दिया और फरार हो गए। ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह में बेहोश महिला को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। मझौलिया थानाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि पीडि़ता को बांध कर गड्ढ़े में फेंक दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद पीडि़ता को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाजार से लौटते समय हुई घटना
घटना की सूचना पर हरसिद्धि पुलिस के साथ परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। पीडि़त महिला ने होश में आने के बाद बताया कि उसके पति दूसरे राज्य में काम करते है। शनिवार की शाम में वह हरसिद्धि बाजार में रसोई गैस लेने गई थी। खरीदकर पैदल वापस घर लौट रही थी। तभी पीछे से एक बोलेरो पर सवार तीन लोग आए और गांव पहुंचाने का झांसा देकर बोलेरो में बैठा लिया। उसके बाद अपराधी उसे एक मकान में ले गए, जहां उसे मार पीटा गया। नशा देकर बेहोश कर दिया।
बेहोश होने पर क्या किया पता नहीं
पीडि़ता ने बताया कि जब वह बेहोश हो गई। उसके बाद आरोपितों ने उसके साथ क्या किया और कहां - कहां ले गए। कुछ भी याद नहीं है। हालांकि पीडि़तों तीनों आरोपितों को पहचानती है। चिकित्सकों ने बताया कि महिला की हालत में धीरे - धीरे सुधार हो रहा है।
बयान दर्ज किया
एसडीपीओ, बेतिया पंकज कुमार रावत ने बताया कि पीडि़ता को इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हरसिद्धि थाने की पुलिस व पीडि़ता के परिजन पहुंच चुके हैं। बयान दर्ज किया जा रहा है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई होगी।