Move to Jagran APP

PM मोदी का मुरीद स्वच्छता अभियान का 'हैरी पॉटर' यह 'पगला झाड़ूवाला'; CM नीतीश कर चुके प्रशंसा

हैरी पॉटर की तरह शशिभूषण झाड़ू पर उड़ते नहीं लेकिन उनके आते ही गंदगी जरूर उडन-छू हो जाती है। बिहार में अब वे स्‍वच्‍छता अभियान की पहचान बच चुके हैं।

By Amit AlokEdited By: Published: Sun, 09 Feb 2020 09:56 AM (IST)Updated: Sun, 09 Feb 2020 10:40 PM (IST)
PM मोदी का मुरीद स्वच्छता अभियान का 'हैरी पॉटर' यह 'पगला झाड़ूवाला'; CM नीतीश कर चुके प्रशंसा
PM मोदी का मुरीद स्वच्छता अभियान का 'हैरी पॉटर' यह 'पगला झाड़ूवाला'; CM नीतीश कर चुके प्रशंसा

मुकेश कुमार 'अमन', सीतामढ़ी। फिल्मों के हैरी पॉटर के पास एक झाड़ू होती है, जिसपर बैठकर वह उड़ता रहता है। सीतामढ़ी के शशिभूषण सिंह के पास जो झाड़ू है, उससे गंदगी उडऩ-छू हो जाती है। हैरी पॉटर को सब स्टार जादूगर मानते हैं और शशिभूषण को पगला झाड़ूवाला कहते हैं। एक ऐसा झाड़ूवाला, जिसने स्वच्छता अभियान के लिए पत्नी के गहने बेच दिए। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुरीद हैं। उनसे मिलना चाहते हैं। उनके प्रशंसक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी है, जिन्होंने शशि को सम्मानित किया है।

loksabha election banner

सीतामढ़ी के मेजरगंज प्रखंड के डुमरी कला पंचायत निवासी शशिभूषण ङ्क्षसह नौ साल से स्वच्छता दूत बने हुए हैं। झाड़ू लेकर चलते हैं। जहां गंदगी देखी, सफाई में जुट गए। बहुत पढ़े-लिखे नहीं हैं। आठवीं तक पढ़ाई हुई है। जब पढ़ते थे, तभी स्वच्छता ही धर्म है, जैसे वाक्य उनके मन में घर कर गए।

करीब 10 वर्ष पूर्व गांव में बीमारी फैलने से कई लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने उन्हें झकझोर दिया। पता चला कि गंदगी से बीमारी फैली। फिर तो उन्होंने स्वच्छता का संकल्प ले लिया। वर्ष 2011 में अकेले ही मुहिम शुरू कर दी। वे हर सुबह हाथ में झाड़ू लेकर गांव में सड़कों की सफाई करने लगे।

शुरू में ग्रामीणों ने मजाक उड़ाया, ताने दिए, लेकिन वे पीछे नहीं हटे। गरीबी के चलते सफाई के लिए ट्रॉली, झाड़ू, टोकरी और डस्टबिन खरीदने के लिए पैसे नहीं थे तो पत्नी अंजू देवी के तकरीबन 25 हजार के गहने तक बेच दिए। धीरे-धीरे लोगों ने उनके काम को समझा और इज्जत देने लगे।

लोग उन्हें 'पगला झाड़ूवाला' कहते तो हैं, लेकिन बहुत इज्जत देते हैं। पंचायत के लोगों ने वर्ष 2015 में वार्ड सदस्य चुन लिया। सहयोग से बाइक खरीदकर दे दी, जिस पर वे सफाई का सामान लेकर घर से निकलते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता के लिए विशेष अभियान शुरू किया, तो शशिभूषण अपनी पंचायत के ब्रांड एंबेसडर बन गए। डुमरी कला की मुखिया चंदा सिंह कहती हैं कि शशिभूषण पंचायत की पहचान हैं। उनकी वजह से लोग सफाई के प्रति जागरूक हुए हैं। शशिभूषण को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीते वर्ष मेजरगंज प्रखंड में एक कार्यक्रम में माला पहनाकर सम्मानित कर चुके हैं। 2018 में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी व सहकारिता मंत्री राणा रंधीर सिंह ने सम्मानित किया।

सीतामढ़ी के पूर्व डीएम डॉ. रंजीत कुमार सिंह व मौजूदा डीएम ने भी सम्मानित किया है। सिंहवाहिनी पंचायत की मुखिया रीतू जायसवाल व स्थानीय मुखिया ने प्रशस्ति पत्र दिया है। डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा का कहना है कि उनका काम प्रेरणादायक है। जिला प्रशासन ऐसे स्वच्छता दूतों की प्रशंसा करता है। सफाई का ध्यान सबको रखना चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.