NRC के बारे में भाजपा के इस नेता ने कही ये बड़ी बात, विपक्षी दलों पर लगाया गुमराह करने का आरोप
बोले शाहनवाज अल्पसंख्यकों और अन्य लोगों को नहीं डरना चाहिए। बांग्लादेशियों को भारत छोड़कर जाना होगा। धर्म की रक्षा को भारत आए लोगों को मिलेगी नागरिकता।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि National Register of Citizens (NRC) लागू होने से देश के अल्पसंख्यकों और अन्य लोगों को नहीं डरना चाहिए। कई राजनीतिक दल लोगों को गुमराह कर रहे हैं। बांग्लादेशियों को भारत छोड़कर जाना होगा। गैर बांग्लादेशी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। धार्मिक आधार पर भी किसी को डरने की आवश्यकता नहीं है। भारत में सभी धर्मों का सम्मान है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान व अन्य देशों से धर्म की रक्षा के लिए यहां आए लोगों को नागरिकता मिलेगी।
वे नरकटियागंज में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि अभी देश में जितनी शांति और भाईचारा है, इस तरह कभी देखने को नहीं मिली। आजादी के बाद धार्मिक आधार पर देश का बंटवारा हुआ था। उस वक्त से चली आ रही कड़वाहट अभी अयोध्या मामले में आए फैसले के बाद खत्म हुई। देश ने फैसले का सम्मान किया। ङ्क्षहदू और मुसलमानों ने एक -दूसरे की भावनाओं का आदर किया। ऑल इंडिया पसर्नल लॉ बोर्ड को कट्टरवादी मुस्लिम नेतृत्व के आगे झुकना नहीं चाहिए। देश के 20 करोड़ मुसलमानों से राय लिए बगैर रिवीजन में जाने की बात भी नहीं करनी चाहिए।
झारखंड में बनेगी भाजपा सरकार
अभी झारखंड में विधानसभा का चुनाव चल रहा है। सभी राजनीतिक दल दावे कर रहे हैं। लेकिन, सबके दावों पर पानी फिरेगा। झारखंड में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। झारखंड में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा रहा जा रहा है। भाजपा सरकार में वहां काफी विकास हुआ है।
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव
अगले वर्ष बिहार में भी विधानसभा का चुनाव होना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस तरह से आपस में संघर्ष कर रहे हैं, उससे लग रहा है कि बिहार विस चुनाव तक महागठबंधन का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।
आतंकवाद नहीं, टूरिज्म बनेगी कश्मीर की पहचान
कश्मीर से अनुच्छेद 370 के हटे सौ दिन से दिन हो गए। कोई गोली नहीं चली। पत्थरबाजी भी बंद है। अमन - चैन बहाल है। जिन लोगों ने बयान दिया था कि अनुच्छेद -370 हटने के बाद कश्मीर में आग लग जाएगी, अब उनके बयानों में आग लग गई है। अब कश्मीर की पहचान आतंकवाद से नहीं, टूरिज्म से होगी।