मोबाइल चोरी होने से युवक था अवसादग्रस्त, सोमवार की रात गले में फंदा डाल कर ली खुदकशी
दो साल पहले सड़क दुर्घटना में हो गया था गंभीर रूप से घायल चल रही थी फिजियोथैरेपी। घर पर कोई नहीं था। इसी बीच उसने कमरा बंद कर आत्महत्या कर ली।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी चौक चुल्हाई लेन मोहल्ले में सोमवार की रात 27 वर्षीय सोहन राज उर्फ रोहित ने खुदकशी कर ली। कमरा बंद कर रस्सी का फंदा गले में डाल वह झूल गया। स्वजनोंं ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।
सही तरीके से चल-फिर नहीं पा रहा था
सोहन राज ग्रेनाइट की टाइल्स पर लिखने का काम करता था। लगभग दो साल पहले फकुली के निकट सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से वह घायल हो गया था। तब वह कई दिनों तक कॉमा में रहा था। इलाज के बाद वह ठीक हुआ, लेकिन वह सही तरीके से चल-फिर नहीं रहा था। इन दिनों फिजियोथैरेपिस्ट की निगरानी में सुबह-शाम उसकी थौरेपी चल रही थी। दो दिन पहले उसकी कीमती मोबाइल चोरी हो गई थी। जिससे वह अवसाद में चल रहा था।
कमरा बंद कर आत्महत्या कर ली
मृतक के चचेरे भाई ने दिनेश ने बताया कि दो सप्ताह पहले उसके लिए एक फिजियोथैरेपिस्ट को रखा गया था। वह सुबह-शाम आकर उससे कसरत करवाते थे। सोमवार सुबह और शाम को भी वे आए थे। कसरत करवाने के बाद चले गए। घर पर कोई नहीं था। इसी बीच उसने कमरा बंद कर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष विश्वनाथ राम ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला खुदकशी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।