विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में जिनके जिम्मे शराबबंदी की निगरानी, वही नशे में चला रहे थे डायल 112 की गाड़ी

Published: Mon, 31 Aug 2026 10:48 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरपुर में डायल 112 के एक चालक ने नशे की हालत में साइकिल और बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में नशे में धुत डायल 112 चालक।

मुजफ्फरपुर में नशे में धुत डायल 112 चालक।

HighLights

  1. डायल 112 चालक ने नशे में तीन लोगों को ठोका।

  2. एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल, दो को चोटें।

  3. चालक संतोष कुमार गिरफ्तार, बर्खास्तगी की कार्रवाई होगी।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सदर थाने के रामदयालु नगर रोड में सोमवार को नशे में डायल 112 के चालक ने साइकिल व बाइक सवार तीन लोगों को ठोकर मार दी। हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति घायल हो गए, जबकि दो अन्य को चोटें आईं।

बाइक व साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग शराब पीकर पुलिस की गाड़ी चलाने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। चालक के नशे में होने की वरीय पुलिस अधिकारियों को भी सूचना दी।

इसपर सदर थाने की पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया। घायलों को इलाज के लिए भेजा। साथ ही डायल 112 के चालक कच्ची-पक्की के संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

ब्रेथ एनालाइजर से जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया डायल 112 के चालक को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि डायल 112 का चालक संतोष नशे में वाहन चला रहा था। रामदयालु के पास साइकिल सवार बारमतपुर के शत्रुघ्न राय को टक्कर मार दी। इससे उनके दोनों पैर जख्मी हो गए।

इसके बाद बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। बाइक सवार हाजीपुर चकचमेली निवासी मनीष कुमार बताए गए हैं। टक्कर में उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। उन्हें हल्की चोट लगी है।

घटना के बाद लोगों की भीड़ जुटी और लोग शराब पीकर गाड़ी चलाने की बात बोलकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची और चालक संतोष कुमार को पकड़ा।

वह आर्मी से रिटायर्ड होकर सैप में बहाल होकर डायल 112 पर तैनात था। इधर, बाइक सवार मनीष ने बताया वह घर हाजीपुर से किसी काम के सिलसिले में मुजफ्फरपुर आ रहे थे। रामदयालु के पास घटना हुई। आरोप लगाया कि हादसे का विरोध करने पर चालक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

उठ रहे सवाल पर पुलिस कर रही जांच

पुलिस वाहन पर तैनात चालक के शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला सामने आने के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। सवाल है कि जिनके कंधे पर शराब जब्ती की जिम्मेदारी वे खुद शराब पीकर गाड़ी कैसे चला रहे थे।

इससे प्रतीत हो रहा कि पहले भी आरोपित चालक शराब पीकर ही गाड़ी चलाता रहा हो। गिरफ्तारी के बाद पुलिस पदाधिकारी ने चालक से पूछा कि शराब कहां से लाए थे। इसका जवाब वह नहीं दे पाया। बहरहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

डायल 112 के चालक की होगी बर्खास्तगी

नशे में धुत गिरफ्तार किए गए डायल 112 के चालक सैप जवान पर आगे बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। सिटी एसपी ने कहा कि फिलहाल उस पर प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कवायद की जाएगी। आगे निलंबन के साथ उस पर बर्खास्तगी की भी कार्रवाई होगी।